सांसद पुत्र के विवाह समारोह में लगा सियासी जमावड़ा

उदयपुर.सांसद रघुवीर सिंह मीणा और विधायक बसंती देवी के पुत्र के विवाह समारोह में रविवार देर रात तक बीएन कॉलेज ग्राउंड में राजनीतिक, प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों का जमावड़ा लगा रहा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अपने परिवार सहित पहुंचे तो केंद्रीय भूतल एवं परिवहन मंत्री सीपी जोशी सहित केंद्रीय एवं केबिनेट मंत्रियों ने भी शिरकत की। सांसद मीणा के पुत्र डॉ. राजकुमार के विवाह के उपलक्ष्य में आयोजित प्रीतिभोज में रविवार शाम से बीएन कॉलेज ग्राउंड में विभिन्न क्षेत्र के लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था।
आशीर्वाद समारोह में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अपनी पत्नी सुनीता, पुत्र वैभव गहलोत, पुत्रवधु हिमांशी, केंद्रीय भूतल एवं सड़क परिवहन मंत्री सीपी जोशी, केंद्रीय मंत्री नमोनारायण मीणा ने शिरकत की।
मुख्यमंत्री के समारोह में पहुंचने पर उनसे हाथ मिलाने वालों का भी जमावड़ा लग गया। इनके अलावा केबिनेट मंत्रियों में अशोक बैरवा, बाबूलाल नागर, महेंद्रजीत सिंह मालवीया, संसदीय सचिव गजेंद्रसिंह शक्तावत, नानालाल निनामा, नसीम बानो, पाली सांसद बद्रीराम जाखड़, बाड़मेर सांसद हरीश चौधरी, महीर आजाद, फजले हक भी पहुंचे। इनके अलावा विधायक एवं पूर्व विधायकों में कांता गरासिया, सुरेंद्र सिंह जाड़ावत, अर्जुन बामनिया, ममता भूपेश, सुशील शर्मा, राजू खेड़ी, ताराचंद भगोरा ने भी पहुंचकर वर वधु को आशीर्वाद दिया।








