उदयपुर.सड़क निर्माण नहीं होने के बावजूद फर्जी मस्टररोल से सड़क के नाम पर भुगतान उठाने का मामला सामने आया है। खेरवाड़ा पंचायत समिति की कातरवास कला पंचायत में प्राथमिक विद्यालय जड़ोला से डामोर फला ग्रेवल सड़क मय पुलिया निर्माण के नाम पर 8 लाख 35 हजार रुपए उठाने के मामले में भूतपूर्व सरपंच व सचिव के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इसमें मौके पर सड़क नहीं होना और सड़क के नाम पर मिलीभगत से फर्जी मस्टररोल बनाकर भुगतान उठाने की बात कही गई है।
मामले की जांच डूंगरपुर एसीबी को सौंपी गई है। इस संबंध में कातरवास के ग्रामीण अमृत डामोर और महेंद्र कुमार ने एसीबी में लिखित शिकायत और गड़बड़ी के रिकार्ड पेश किए थे। जांच के बाद जयपुर एसीबी मुख्यालय के आदेश पर कातरवास ग्राम पंचायत के भूतपूर्व सरपंच बक्षी राम डोडा, सचिव कांतिलाल अहारी सहित अन्य के खिलाफ भ्रष्टाचार के विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
फर्जी मस्टररोल से भुगतान उठाया
खेरवाड़ा तहसील के ग्राम पंचायत कातरवास कला में प्राथमिक विद्यालय झड़ोला फला में ग्रेवल सड़क मय पुलिया निर्माण (कोड नंबर 1390) के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग खेरवाड़ा द्वारा स्वीकृति वर्ष 2007 में प्रदत्त की गई। इसमें नरेगा के तहत श्रम का 8 लाख 54 हजार और सामग्री का 5 लाख 69 हजार कुल 14 लाख 23 हजार रुपए स्वीकृत हुए।
आरोपियों द्वारा पीडब्ल्यूडी विभाग के कर्मचारियों के साथ मिलकर 91 फर्जी मस्टररोल तैयार किए गए और 5 दिसंबर 2007 से 15 अप्रैल 2009 तक श्रम मद के 8 लाख 54 हजार रुपए का भुगतान उठा लिया गया। जबकि ग्रेवल सड़क मय पुलिया का मौके पर कोई निर्माण कार्य प्रारंभ ही नहीं हुआ। यही नहीं निर्माण सामग्री की मद के 5 लाख रुपए 69 हजार रुपए का हिसाब भी नहीं मिला है। आशंका है कि यह राशि भी गड़बड़ी कर उठा ली गई है।
अन्य सड़क निर्माण में भी गड़बड़ी की आशंका
रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2005 से वर्ष 2010 तक ग्राम पंचायत कातरवास और सार्वजनिक निर्माण विभाग ने जितनी भी सड़कें बनाई हैं उनमें भी गबन की आशंका है। इन सड़कों के मामले की भी जांच की मांग की गई है।