नाई गांव में रातभर बंद रही बिजली, अधिकारी बेखबर
उदयपुर
शहर से सटे नाई गांव में गुरुवार शाम से बिजली बंद हो गईं। इससे बिजली अभियंता बेखबर रहे। भास्कर द्वारा सूचना देने के बाद बिजली बहाल की गई, लेकिन फिर भी आधा गांव अंधेरे में ही रहा।
जानकारी के अनुसार नाई गांव में गुरुवार शाम साढ़े पांच बजे से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। तकनीकी फाल्ट के कारण लाइटें गुल होने से आधे से अधिक गांव अंधेरे में हो गया। बताया गया कि क्षेत्र के नाइयों का मोहल्ला, राजपूतों का मोहल्ला, मुख्य बस स्टैंड, हनुमान चौक, गल्र्स हॉस्टल, गमेतियों का मोहल्ला क्षेत्र अंधेरे में डूब गए। बताया गया कि 11 हजार केवी की मुख्य लाइन का तार टूटने से यह स्थिति बनी। रात तक बिजली आपूर्ति बहाल तो की, लेकिन एक तार टूटा होने से आधे गांव में बिजली बंद ही रही। लोगों ने बिजली विभाग को फोन किया, वहां से ट्रांसफार्मर में फाल्ट होने व मरम्मत का कार्य जारी होने की सूचना दी गई। देर रात भास्कर संवाददाता ने यह जानकारी एईएन को दी।






