निलंबन का पत्र मिले तो जवाब दूंगा, ज्यादा न बोले वो
Source: Bhaskar News | Last Updated 05:20(31/01/12)
उदयपुर. भाजपा के अंबेडकर मंडल अध्यक्ष पद से राजेश वैष्णव को निलंबित करने के मामले में एक और नया मोड़ आ गया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार वैष्णव ने जिलाध्यक्ष दिनेश भट्ट को पत्र लिखकर निलंबन की कार्रवाई से ही अनभिज्ञता जाहिर कर दी है।
जिलाध्यक्ष को लिखे पत्र में वैष्णव ने तर्क दिया है कि उन्हें तो समाचार पत्रों के माध्यम से निलंबन की जानकारी मिली है। व्यक्तिगत तौर पर अब तक निलंबन का कोई अधिकृत पत्र नहीं मिला है। वैष्णव ने जिलाध्यक्ष को लिखे पत्र में इस बात का भी जिक्र किया है कि उन्होंने यदि निलंबन की कोई कार्रवाई की है तो उसका पत्र दिया जाए ताकि उसका जवाब दिया जा सके।
क्या है मामला : युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष ने गत दिनों अंबेडकर मंडल युवा मोर्चा अध्यक्ष पद पर सोहन सिंह का नाम घोषित कर दिया था। उसके ठीक बाद राजेश वैष्णव ने समानांतर अध्यक्ष के रूप में रणजीत सिंह दिग्पाल का नाम घोषित कर दिया।
इसको गंभीरता से लेते हुए शहर जिलाध्यक्ष दिनेश भट्ट ने गत 23 जनवरी को वैष्णव को मंडल अध्यक्ष पद से निलंबित कर दिया था। हालांकि कटारिया विरोधी भाजपाइयों ने निर्वाचित मंडल अध्यक्ष को निलंबित करने के मामले में सवाल उठाया था।