राजसमंद की घटना का आरोपी मनोज जिला अस्पताल (आरके हॉस्पिटल) के पास से लड़की को चॉकलेट का लालच देकर ले गया और दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी। वह इससे पहले चोरी के आरोप में गिरफ्तार हो चुका है। उसे हाल ही में जमानत मिली थी।
घटना का पता चलते ही जिला मुख्यालय पर सैकड़ों लोग सड़क पर उतर आए। मुर्दाघर से लेकर पूरे शहर में प्रदर्शन होते रहे और बाजार बंद रहा।
बच्ची के सिर, मुंह पर थी 20 चोटें
पुलिस के मुताबिक आरोपी गुरुवार शाम साढ़े छह बजे मोटरसाइकिल लेकर आरके अस्पताल पहुंचा। यहां बालिका का परिवार सब्जी का ठेला लगाता है। आरोपी ने बालिका को चॉकलेट और कुरकुरे दिए और थोड़ी देर में वापस आया। बालिका को अकेली पाकर चॉकलेट दिलाने के बहाने मोटरसाइकिल पर बैठाने के लिए राजी कर लिया। वहां से धोइंदा के पास सालमपुरा गया और बीयर खरीदी। कच्चे रास्ते से होकर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास श्मशान भूमि के पास सुनसान जगह पर ले जाकर दुष्कर्म किया। वहीं उसके ऊपर पत्थर पटक-पटक कर मार डाला। बालिका के सिर, मुंह, कमर, हाथ, पैर सहित पूरे शरीर पर 20 से अधिक चोटें थीं। इसके बाद नग्न अवस्था में बालिका को अपने जैकेट में लपेट कर 50 फीट रोड के पास कमल तलाई पुलिया पर आया और शव को फेंक दिया।
घटनाक्रम
घटना : हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी से गुरुवार शाम बच्ची का अपहरण। कॉलोनी के पास श्मशान के पास दुष्कर्म करने के बाद हत्या। शव को कमल तलाई के पास फेंका।
समय : गुरुवार शाम छह बजे से 10 बजे के बीच हुई घटना।
कार्रवाई : पुलिस ने आरोपी को रात 12 बजे पकड़ा। पूछताछ के आधार पर बालिका का शव सुबह बरामद किया।
शहर में गुस्सा
>महिलाएं घरों से निकलकर सड़कों पर आ गईं। आरोपी व पुलिस के खिलाफ गुस्सा।
>जल चक्की तिराहे पर शव को लेकर लोगों ने साढ़े तीन घंटे तक प्रदर्शन किया।
>प्रशासन के मांगें मानने और कार्रवाई करने के बाद शाम छह बजे हुआ अंतिम संस्कार।