सैयदना साहब आज आएंगे गलियाकोट
Source: Bhaskar News | Last Updated 06:00(18/12/11)
गलियाकोट.बोहरा समुदाय के 52वें धर्मगुरु डॉ. सैयदना साहब रविवार को गलियाकोट पहुंचेंगे। धर्मगुरु की एक झलक पाने के लिए देश-विदेश से जायरीनों का भी गलियाकोट पहुंचने का क्रम जारी है। डॉ. सैयदना के स्वागत के लिए गलियाकोट कस्बा तैयार है।
डॉ. सैयदना रविवार को मुंबई से हेलिकॉप्टर द्वारा गलियाकोट में रिंगवाल के पास बनाए जा रहे हेलीपेड पर दोपहर करीब 2.50 बजे उतरेंगे। शनिवार को भी दरगाह कमेटी तथा बोहरा समुदाय से जुड़े लोग तैयारियों में जुटे रहे है। करीब एक लाख से ज्यादा लोगों के लिए यहां ठहरने तथा खाने व्यवस्था की गई है।
सैफी मंजिल में ठहरेंगे डॉ. सैयदना: धर्मगुरु डॉ. सैयदना के ठहरने के लिए यहां दरगाह परिसर में ही सैफी मंजिल के नाम से आलीशान आवास बनाया गया है। हेलीपेड से सैफी मंजिल कुछ ही दूरी पर है। डॉ सैयदना हेलीपेड से सीधे ही यहां पहुंचेंगे। सैफी मंजिल के पास ही नूर मस्जिद तथा यहीं से विश्व प्रसिद्ध पीर फखरुद्दीन की दरगाह तक जाने का रास्ता भी है।