उदयपुर. जिला प्रशासन द्वारा बदले गए समय को लेकर जहां विद्यार्थियों ने समय पर स्कूल पहुंचकर गंभीरता दिखाई, वहीं अध्यापकों को देरी से आने का खामियाजा भी उठाना पड़ गया। शिक्षकों से नाराज क्षेत्रवासियों ने स्कूल पर ताला जड़ दिया।
मौके पर पहुंचे विभाग के आला अधिकारियों ने समझाइश के बाद ताला खुलवाया व शिक्षकों से आधा दिन की छुट्टी पर हस्ताक्षर करवाए। घटनाक्रम के अनुसार बुधवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय टेकरी (ब्वॉयज स्कूल) के विद्यार्थी पूर्व निर्धारित समय (सुबह 7:30 बजे) पर स्कूल पहुंचना शुरू हो गए।
आठ बजे तक एक भी शिक्षक नहीं आया। क्षेत्रवासी किशोर ने बताया कि जब से समय परिवर्तित हुआ है तभी से यह शिक्षक साढ़े नौ से 11 बजे तक अपने हिसाब से स्कूल आते हैं। साढ़े 11 बजे मौके पर पहुंचे डीईओ संपतलाल मंडोवरा और एडीईओ प्रभुलाल मेघवाल ने समझाइश की।
इनका कहना है..
॥समय परिवर्तन होने के बाद भी शिक्षक समय पर नहीं पहुंचे, जबकि छात्र समय पर आ गए थे। क्षेत्रवासियों ने स्कूल पर ताला लगाया। समझाइश के बाद स्कूल खोला गया और शिक्षकों को आधे दिन के अवकाश पर हस्ताक्षर करवाए गए।
प्रभुलाल मेघवाल, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी, उदयपुर