होटलों का लाइसेंस शुल्क 50 हजार तक
Source: Dainik Bhaskar News | Last Updated 04:43(09/02/12)
उदयपुर. नगर परिषद ने होटलों के लाइसेंस शुल्क में भारी बढ़ोत्तरी करने का निर्णय किया है। बजट अनुमोदन के लिए वित्त समिति की बुधवार को हुई बैठक में आगामी वित्तीय वर्ष से इसे लागू करने की अनुशंसा की गई है। अब इस प्रस्ताव को बोर्ड बैठक में रखा जाएगा। दरअसल होटलों का लाइसेंस शुल्क 1200 से लेकर 2000 तक था जो अब 5000 से लेकर 50 हजार रुपए प्रतिवर्ष तक हो जाएगा।
समिति अध्यक्ष कविता मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में वर्ष 2012-13 के लिए 138.72 करोड़ रुपए के बजट का अनुमोदन किया गया। बैठक में होटलों की श्रेणियों में भी बदलाव किया गया है। शहर में स्थित होटलों की पहले चार श्रेणियां ए, बी, सी, डी थी, जिनको अब वन स्टार से लेकर सेवन स्टार तक कर दिया गया है।
वन स्टार होटल का लाइसेंस शुल्क 5000 और सेवन स्टार होटल का लाइसेंस शुल्क 50 हजार रुपए तय किया गया है। सामान्य होटलों का लाइसेंस शुल्क 1200 से 2000 रुपए तक निर्धारित है। गौरतलब है कि पर्यटन के लिहाज से उदयपुर में होटलों की संख्या काफी अधिक है और नई होटलें पाइप लाइन में हैं। इससे नगर परिषद को अच्छी आय होने की उम्मीद है।
किन होटलों का कितना शुल्क
सेवन स्टार 50 हजार
फाइव स्टार 40 हजार
फोर स्टार 35 हजार
थ्री स्टार 25 हजार
टू स्टार 10 हजार
वन स्टार 5 हजार
सामान्य होटल 1200 से 2 हजार रुपए।
(राशि रु . में-प्रतिवर्ष)
कमल तलाई का विकास भी नहीं होगा
कमल तलाई के विकास को भी आगामी बजट में शामिल नहीं किया गया है। परिषद का मानना है कि कमल तलाई नगर परिषद की संपत्ति नहीं है और उसका भी हस्तांतरण नहीं हुआ है।