उदयपुर-अहमदाबाद रात्रि ट्रेनें 14 सितं. तक निरस्त

उदयपुर। उदयपुर-अहमदाबाद रेल खंड में वर्षा के दौरान रेल पटरी पर पहाड़ी चट्टानें गिरने की आशंका के मद्देनजर रात्रि में चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन दो माह के लिए रद्द किया गया है।
रेलवे के अजमेर मंडल प्रबंधक मनोज सेठ ने बताया कि उदयपुर-अहमदाबाद के बीच चलने वाली गाड़ी संख्या 19943 और अहमदाबाद से उदयपुर आने वाली गाड़ी 19944 का संचालन 11 जुलाई से 14 सितंबर तक नहीं होगा।
इस रूट पर दिन में चलने वाली लोकल ट्रेन 52927 और 52928 का संचालन जारी रहेगा। रेलवे ने रात्रि गाड़ियां निरस्त करने का निर्णय यात्रियों की जान माल की हिफाजत के तहत लिया है। रात्रि में ट्रैक पर गिरी चट्टान रेल चालक को दिखाई न देने पर ट्रेन के टकराने की आशंका रहती है।
वर्षा का मौसम बीत जाने पर निरस्त ट्रेनों का संचालन 15 सितंबर से बहाल कर दिया जाएगा। जिन यात्रियों ने निरस्त होने वाली ट्रेनों में 11 जुलाई से आगे की तिथियों के लिए टिकट आरक्षण करा रखे हैं उन्हें टिकट की पूरी राशि का रिफण्ड कर दिया जाएगा।
संचालन समय में बदलाव
गाड़ी नंबर 52073, 52074 एवं 52075 मारवाड़-मावली-मारवाड़ सवारी गाड़ी का संचालन समय 11 से 15 जुलाई तक परिवर्तित रहेगा। अब गाड़ी नंबर 52074 मावली-मारवाड़ गाड़ी मावली जंक्शन से सायं 6.30 बजे की जगह अपराह्न् बाद 03.40 बजे रवाना होकर रात 12.55 बजे की बजाय रात 09.45 बजे मारवाड़ जंक्शन पहुंचेगी।
इसी प्रकार गाड़ी नंबर 52073 मारवाड़-मावली गाड़ी मारवाड़ जंक्शन से रात्रि 01.20 बजे की बजाय सुबह पांच बजे रवाना होकर सुबह 07.35 बजे की जगह सुबह 11.15 बजे मावली पहुंचेगी। गाड़ी नंबर 52075, मारवाड़-मावली सवारी गाड़ी रात्रि 07.50 बजे के स्थान पर रात्रि 08.10 बजे मावली जंक्शन पहुंचेगी।






