तस्वीरों में देखें, कुछ इस अंदाज़ में मानगढ़ धाम पहुंचे नरेंद्र मोदी

बांसवाड़ा.गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को गुजरात के 63वें वन महोत्सव के मौके पर मानगढ़ धाम पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेकर गोविंद गुरु स्मृति वन का लोकार्पण किया। मोदी वहां से पैदल चलकर गोविंद गुरु की प्रतिमा अंकित अमर ज्योत पर गए और माल्यार्पण किया और इसके सामने मंत्रोच्चार के साथ कल्प वृक्ष का पौधा रोपा।
मोदी ने गुजरात सीमा में नव निर्मित प्रवेश द्वार का फीता काटकर लोकार्पण भी किया। मोदी ने सुरक्षाकर्मियों से हाथ मिलाकर आत्मीयता से भेंट भी की। मानगढ़ पहाड़ी पर बने हेलीपैड पर उतरे मोदी।
मोदी ने सभा को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार पर गो हत्या को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि विदेशों में गोमांस निर्यात किया जा रहा है। वहीं बूचड़ खाने खोलने के लिए सरकार की ओर से पचास करोड़ सब्सिडी दी जा रही है। मोदी ने कहा कि मानगढ़ धाम पर गोविंद गुरु के नेतृत्व में आजादी की अलख जगा रहे डेढ़ हजार से अधिक भक्तों पर अंग्रेजों ने गोलियां चलाई थी।
मोदी ने इस घटना को जलियावाला कांड से बड़ा बताते हुए कहा कि दुर्भाग्य है कि इसे इतिहास में स्थान नहीं मिल पाया। उन्होंने आयोजन में उमड़ी भीड़ को देखकर कहा कि मानगढ़ ने गुजरात का मान बढ़ाया है।






