ऑफलाइन चेक करें जीमेल अकाउंट
Source: Agency | Last Updated 01:29(21/01/12)
गूगल ने क्रोम पर ऑफलाइन जीमेल एसेस करने की सुविधा दी है। इसके अलावा कुछ प्रोग्राम याहू और हॉटमेल पर भी यह काम संभव बनाते हैं।
अब यूजर्स बगैर ऑनलाइन जीमेल अकाउंट लॉग-इन करे अपने नए-पुराने ई-मेल चेक कर सकते हैं। हालांकि यह सुविधा फिलहाल गूगल क्रोम पर उपलब्ध है, जिसे जीमेल ऑफलाइन के नाम से जाना जाता है। इसकी मदद से प्लेन या ट्रेन में सफर करते वक्त जब वायरलेस इंटरनेट नहीं होता है, तब मेल चेक की जा सकती हैं।
क्या करना होगा
जीमेल ऑफलाइन के ब्राउजर संग दिया गया प्लग-इन इस काम को अंजाम देता है। इसकी मदद से यूजर बगैर इंटरनेट कनेक्शन अपनी ई-मेल पढ़ और सर्च कर सकता है। हालांकि जीमेल ऑफलाइन में ऑप्शन कम हैं, लेकिन ई-मेल पढ़ने की सुविधा संभवत: सबसे ज्यादा कारगर है।
इसके बाद ऑनलाइन होते ही ई-मेल अपने गंतव्य की ओर रवाना हो जाती है। यह सुविधा आईएमएपी कंफीग्रेशन के बजाय पीओपी3 पर कारगर है। अगर आईएमएपी कनेक्शन है तो ब्राउजर पर https://docs.google.com/offline डाल कर ऑफलाइन काम किया जा सकता है।
और भी हैं फायदे
अन्य सुविधाओं के लिए गूगल क्रोम इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को डॉक्यूमेंट लिस्ट पर जाकर ‘डॉक्स ऑफलाइन’ सेट-अप कमांड देना होगा। इसके बाद बगैर इंटरनेट पर लॉग-इन करे भी डॉक्यूमेंट्स और स्प्रेडशीट्स देखी जा सकेगी। हालांकि डॉक फाइल सिर्फ ‘व्यू ओनली मोड’ में होगी यानी अगर कुछ एडिटिंग करनी है तो ऑनलाइन जाना होगा।
अन्य सर्विस पर भी लें सुविधा
सिर्फ जीमेल पर ही नहीं, बल्कि हॉटमेल या याहू मेल पर भी ऑफलाइन सुविधा है। इसके लिए विंडोज लाइव मेल 2011 या मोजिला थंडरबर्ड 6 प्रोग्राम की मदद लेकर ऑफलाइन ई-मेल अकाउंट चेक किया जा सकता है।