जानिए ट्विटर से जुड़े कुछ लाजवाब फीचर्स
Source: dainikbhaskar.com | Last Updated 09:56(02/02/12)
ट्विटर को और भी रोमांचक बनाया जा सकता है। इसके लिए जरूरी फीचर्स कुछ तो ट्विटर पर ही उपलब्ध हैं, तो कुछ को एड-ऑन किया जा सकता है। जानते हैं ऐसे ही कुछ खास फीचर्स के बारे में।
अपनाएं एडवांस सर्च
ट्विटर का सर्च बॉक्स अक्सर कई सारे परिणाम देता है। ऐसे में किसी खास एंट्री को सर्च करने के लिए सर्च रिजल्ट पेज के ऊपरी तरफ बीच में दिए गए 'रिफाइन रिजल्ट' पर क्लिक करें। ऐसा करते ही आप पहुंच जाएंगे ट्विटर के एडवांस सर्च पेज पर। यहां पर दिए गए कई सर्च फिल्टर्स की मदद से यूजर अपनी सर्च को ब्लिकुल टू-द-प्वाइंट रख सकते हैं।
रोचकता को दें प्रमुखता
ट्विटर ने दो नए 'बटन' पेश किए हैं, जिन्हें पेज के ऊपरी तरफ 'होम बटन' के बगल में देखा जा सकता है। एक है 'कनेक्ट', जिसके जरिए नेटवर्क पर यूजर से इंटरेक्ट कर रहे हर शख्स को देखा जा सकता है। दूसरा बटन है 'डिस्कवर' जो यूजर की रुचि के अनुरूप लोगों को सामने लाता है। यह काफी हद तक फेसबुक के टॉप स्टोरीज सेक्शन की तरह काम करता है।
पढ़ें लंबी ट्वीट
एक-दो लाइन की ट्वीट अक्सर उक्ताहट भर देती है। ऐसे में जो लोग मसले की गहराई तक जाना चाहते हैं और उससे जुड़ी 'लंबी ट्वीट' पढऩा चाहते हैं, उन्हें यह सुविधा पसंद आएगी। एक एड-हॉक हैशटैग #longreads इस काम को आसान बनाएगा। इसके जरिए लिंक के साथ की गई ट्वीट सामने आएगी।
की-बोर्ड शॉर्टकट अपनाएं
आप ट्विटर को की-बोर्ड से भी संचालित कर सकते हैं। इसके लिए ट्विटर के वेब इंटरफेस पर प्रश्नवाचक चिन्ह टाइप करें। ऐसा करते ही सामने आएगा एक पैनल, जो उपलब्ध की-बोर्ड शॉर्टकट्स के बारे में बताएगा। बीस के लगभग शॉर्टकट का इस्तेमाल किया जा सकता है। मसलन 'आर' से पोस्ट को रिट्वीट तो '/' से सर्च बॉक्स में पहुंचा जा सकता है। कुछ कमांड देने के लिए दो-कीज का इस्तेमाल करना पड़ता है। मसलन 'जीपी' से प्रोफाइल पेज पर पहुंच सकते हैं।
फेसबुक पर करें क्रॉस पोस्ट
ट्विटर पर ट्वीट को फेसबुक वॉल पर भी अपडेट कर सकते हैं। इसके लिए फेसबुक के सलेक्टिव ट्वीट एप्प की मदद लेनी पड़ेगी। इसे ट्विटर के यूजरनेम से चलाया जा सकेगा। इसके बाद जब भी आप #fb के साथ कोई अपडेट करेंगे, वह फेसबुक पर भी चली जाएगी।