कार चलाने वालों के लिए टायर का पंचर होना किसी दुस्वप्न से कम नहीं होता। टायरों की समय-समय पर जांच कराते रहने के बावजूद कई बार उन्हें सड़क किनारे खड़े होकर पंचर टायर बदलवाना ही पड़ता है। लेकिन जल्दी ही यह बीते दौर की बात हो जाएगी। ब्रिजस्टोन कंपनी ने एक ऐसा टायर बनाया है, जो कभी पंचर नहीं होगा।
बनावट है खास
टोक्यो मोटर शो में प्रस्तुत टायर का प्रोटो टाइप मॉडल ऑटोमोबाइल कंपनियों के बीच खासा सराहा गया है। इस हवा रहित टायर को बनाने में एक खास तरह की प्लास्टिक रेसिन का इस्तेमाल किया गया है, जो टायर के भीतर की तीलियों के साथ ही बुनी जाती है। यह खास बनावट न सिर्फ कार के वजन को संभालेगी, बल्कि यह भी सुनिश्चित करेगी की टायर क्षतिग्रस्त न हो। इसके लिए तीलियों को एक खास पैटर्न में लगाया गया है।
क्या होगा फायदा
सबसे पहला फायदा तो यही होगा कि यह हवा रहित टायर पंचर नहीं होगा। साथ ही इसे बनाने में इस्तेमाल में लाई गई प्लास्टिक रेसिन को रिसाइकिल किया जा सकता है। यानी इससे पर्यावरण को भी नुकसान नहीं पहुंचेगा। इसके अलावा हवा का झंझट खत्म होने से टायर का रख-रखाव भी आसान हो जाएगा।
कब तक आएगा
कंपनी को उम्मीद है कि कुछ और परीक्षण के बाद इसे अगले वर्ष तक बाजार में पेश कर दिया जाएगा।