इतिहास में पहली बार ऐसे ढेर हुए कंगारू
Source: Dainikbhaskar.com | Last Updated 16:08(03/02/12)
खेल डेस्क. मेलबॉर्न में हुए दूसरे टी-20 मुकाबले में भारतीय फील्डरों ने अपनी चुस्ती से मेजबान टीम के बल्लेबाजों की हालत खस्ता कर दी। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया के 4 बल्लेबाज रन आउट हुए। टी-20 के संक्षिप्त इतिहास में यह पहली बार है जब ऑस्ट्रेलिया के 4 बल्लेबाज रन आउट हुए हैं।
मेलबॉर्न क्रिकेट ग्राउंड पर हो रहे टी-20 मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई पारी के दौरान भारतीय फील्डरों का प्रदर्शन लाजवाब रहा। रवींद्र जडेजा ने अकेले दो बल्लेबाजों को रन आउट किया।
जडेजा ने पहले भारतीय टीम के लिए खतरा बन रहे आरोन फिंच को कप्तान धोनी की मदद से रन आउट किया। फिंच ने 36 रन बनाए। इसके बाद उन्होंने कप्तान बैली को भी राहुल शर्मा के साथ मिलकर रन आउट किया।
रोहित शर्मा ने भी अपनी फील्डिंग का जलवा दिखाते हुए सिडनी टी-20 मैच में हीरो रहे मैथ्यू वेड को 32 रन के निजी योग पर आउट किया। रोहित शर्मा के सटीक थ्रो के सामने वेड की फुर्ती कम पड़ गई।
पारी के अंतिम ओवर में सुरेश रैना ने पुछल्ले बल्लेबाज जेवियर डोहर्टी को रन आउट किया।
इससे पहले साल 2010 में पाकिस्तान ने मेलबॉर्न क्रिकेट ग्राउंड पर ही हुए टी-20 में ऑस्ट्रेलिया के 3 बल्लेबाजों को रन आउट किया था।