ये रहे सीरीज के हीरो...
कप्तान महेंद्र धोनी
टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी सीरीज के सबसे बड़े हीरो के तौर पर उभरे। धोनी का जलवा पहले ही मैच में दिख गया था।
चेन्नई की गर्मी में जब भारत ने 29 रन के योग पर टॉप 5 विकेट गंवा दिए थे, ऐसे में कप्तान धोनी ने शानदार पारी खेलते हुए नाबाद 113 रन बनाए। इस पारी के दौरान धोनी को क्रेम्प आ रहे थे, उन्हें बुखार भी था, लेकिन इसके बावजूद वे डटे रहे और रन बनाते रहे।
उन्होंने अपनी 113 रन की पारी में 67 रन दौड़ कर लिए। हालत कुछ ऐसी थी कि बल्लेबाजी के बाद जब धोनी विकेटकीपिंग के लिए आए, तो फिजियो को बीच में आ कर उनका तापमान चैक करना पड़ा।
धोनी ने तीन मैचों की सीरीज में 203.00 के एवरेज से 203 रन बनाए। इसमें 1 शतक और 1 अर्धशतक शामिल रहे। पाकिस्तान के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में यह किसी भी भारतीय कप्तान द्वारा हासिल किया बेस्ट बैटिंग एवरेज है।
कप्तानी के मामले में भी उनके फैसले, फील्ड अरेंजमेंट काबिल-ए-तारीफ रहे। हालांकि, उनका बैटिंग ऑर्डर में नीचे आना चर्चा का विषय रहा, लेकिन ओवर ऑल उनका प्रदर्शन औरों से बेहतर रहा। उन्होंने पाकिस्तानी टीम के दिलों में भी खास जगह बनाई।