Home >> Sports >> Cricket >> Latest News >> Austrailia Clashed With Indies In Icc Womens World Cup Final Today
ऑस्ट्रेलियाई महिलाओं ने लगाया वर्ल्ड कप खिताबों का छक्का
Dainikbhaskar.com
| Feb 18, 2013, 09:30AM IST

मुंबई. ऑस्ट्रेलिया ने छठी बार महिला वनडे क्रिकेट विश्व कप जीत लिया है। उसने रविवार को खेले गए फाइनल में वेस्टइंडीज को 114 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलियाई महिलाओं ने 7/259 रन बनाए। जैस कैमरन (75) और रैचेल हेंस (52) ने अर्धशतक लगाए। ओपनर मैग लेनिंग (31) और हेंस ने 52 रन जोड़े। कप्तान जूडी फील्ड्स ने 36 रन की पारी खेली। जवाब में इंडीज टीम 43.1 ओवर में 145 रन पर ढेर हो गई। ऑस्ट्रेलिया की जैस कैमरन प्लेयर ऑफ द मैच और न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स प्लेयर ऑफ द सीरीज चुनी गईं। बेट्स ने टूर्नामेंट में 407 रन बनाए।
पेरी ने तोड़ी इंडीज की कमर :
ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज एलिस पेरी (3/19) ने वेस्टइंडीज के शुरुआती तीन विकेट लेकर उसकी जीत की उम्मीद को शुरू में ही तोड़ दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैरेबियाई टीम 41 रन के भीतर तीन विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद वह कभी भी वापसी नहीं कर सकी। ऑस्ट्रेलिया ने 260 रन का लक्ष्य दिया। यह विश्व कप इतिहास में फाइनल का सबसे बड़ा लक्ष्य था। पिछला रिकॉर्ड (216) भी ऑस्ट्रेलिया के नाम था। उसने 2005 में भारत के खिलाफ चार विकेट पर 215 रन बनाए थे।
सातवें स्थान पर रहा भारत :
मेजबान भारत टूर्नामेंट में सातवें स्थान पर रहा। उसने पाकिस्तान को हराकर यह स्थान हासिल किया। गत चैंपियन इंग्लैंड को तीसरा और न्यूजीलैंड को चौथा स्थान मिला। श्रीलंका पांचवें, दक्षिण अफ्रीका छठे और पाकिस्तान आठवें स्थान पर रहा।






