महिला विश्वकप: ऑस्ट्रेलिया फाइनल में, इंग्लैंड की उम्मीदें कायम

मुंबई। पांच बार के चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने सुपर सिक्स मैच में श्रीलंका को 9 विकेट से हराकर आठवीं बार आईसीसी महिला विश्वकप के फाइनल में जगह बना ली। ऑस्ट्रेलिया की ओर से एरिन ओसबोर्न (3/9) और रेशेल हेंस (71) ने मैच विजयी प्रदर्शन किया। श्रीलंका को 45.2 ओवर में 131 रन पर लुढ़काने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने 22.2 ओर में एक विकेट खोकर जीत के लिए जरूरी लक्ष्य हासिल कर लिया।
ऑस्ट्रेलिया की टूर्नामेंट में यह लगातार पांचवीं जीत है। ऑस्ट्रेलिया के इस जीत के बाद अब आठ अंक हो गए हैं। लीग चरण में शानदार प्रदर्शन करने वाली श्रीलंका की सुपर सिक्स चरण में यह लगातार दूसरी हार है और वह फाइनल की होड़ से बाहर हो गई है।
वहीं इंग्लैंड ने ने दक्षिण अफ्रीका को 243 गेंद शेष रहते सात विकेट से पीटकर आईसीसी महिला कप क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदें कायम रखी।
इंग्लैंड ने सुपर सिक्स मैच में दक्षिण अफ्रीका को 29.3 ओवर में मात्र 77 रन पर लुढकाने के बाद 9.3 ओवर में तीन विकेट पर 81 रन बनाकर एकतरफा जीत हासिल कर ली। इंग्लैंड के इस जीत के बाद सुपर सिक्स में चार अंक हो गए हैं और उसकी फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें बनी हुई हैं। इंग्लैंड को अपना अगला मैच 13 फरवरी को न्यूजीलैंड से
खेलना है। दक्षिण अफ्रीका की टीम इस हार के साथ खिताबी होड से बाहर हो गई।








