कोलंबो. क्रिस गेल की तूफानी पारी और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर वेस्ट इंडीज ने आईसीसी ट्वेंटी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बना ली। रविवार 7 तारीख को होने वाले खिताबी मुकाबले में उसका सामना मेजबान श्रीलंका से होगा।
वेस्ट इंडीज द्वारा दिए 206 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम 16.4 ओवरों में 131 रन बना कर आउट हो गई। क्रिस गेल के तूफानी पचासे के बाद गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर कैरिबियाई टीम ने 74 रन से जीत दर्ज की। टी-20 वर्ल्ड कप में रनों के अंतर के लिहाज से यह ऑस्ट्रेलिया की सबसे बड़ी हार है।
गेल का तूफान
स्टार ओपनिंग बैट्समैन क्रिस गेल ने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए महज 41 गेंदों पर 75 रन बनाए। उन्होंने अपनी इस पारी में 5 चौके और 6 छक्के लगाए। इस पारी के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच का अवार्ड दिया गया।
कातिलाना कैरिबियाई गेंदबाज
वेस्ट इंडीज के गेंदबाज पहली ही गेंद से कंगारुओं पर हावी दिखे। कप्तान डैरेन सैमी ने पहला ओवर लेग स्पिनर सैम्युअल बद्री से करवाया। उन्होंने दूसरी ही गेंद पर वार करते हुए विस्फोटक बल्लेबाज डेविड वार्नर को क्लीन बोल्ड किया। बद्री ने मैच में 27 रन देकर 2 विकेट चटकाए। रवि रामपॉल ने सबसे शानदार परफॉर्मेंस करते हुए 16 रन देकर 3 विकेट चटकाए। सुनील नारायण और किरॉन पोलार्ड ने 2-2 और मार्लन सैम्युअल्स ने 1 विकेट चटकाया।
बेकार गई कप्तान बैली की मेहनत
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान जॉर्ज बैली ने तेज बल्लेबाजी करते हुए मैच को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे नाकाम रहे। उन्होंने महज 29 गेंदों का सामना करते हुए 6 चौकों व 4 छक्कों की मदद से 63 रन बनाए।
टूर्नामेंट का सबसे बड़ा स्कोर
टी-20 स्पेशलिस्ट बल्लेबाजों ने एक साथ परफॉर्मेंस करते हुए टूर्नामेंट का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया। गेल ने नाबाद 75 रन, किरॉन पोलार्ड ने 38 रन, ड्वेन ब्रावो ने 37 रन और मार्लन सैम्युअल्स ने 26 रन बनाए। इन सभी धुरंधरों के दम पर वेस्ट इंडीज ने 7 विकेट पर 205 रन बनाए। मौजूदा टूर्नामेंट का यह सबसे बड़ा टीम टोटल है। इससे पहले 21 सितंबर को हुए ग्रुप मैच में इंग्लैंड ने अफगानिस्तान के खिलाफ 5 विकेट पर 196 रन बनाए थे।