खेल डेस्क. टीम इंडिया के नए मिस्टर रिलायबल चेतेश्वर पुजारा ने हैदराबाद टेस्ट (LIVE UPDATE) में दोहरे शतक के साथ कई कीर्तिमान बनाए हैं। चेतेश्वर की इस यादगार पारी की गवाह उनकी पत्नी पूजा पुजारा भी बनीं। उन्होंने चेतेश्वर के दोहरे शतक के बाद तालियां बजाकर खुशी का इजहार किया। पूजा ने कहा कि क्रिकेट ही चेतेश्वर का पहला प्यार है। वहीं, श्रीलंका के क्रिकेटर तिलकरत्ने दिलशान की निजी जिंदगी में घमासान मच गया है। दिलशान को उनकी तलाकशुदा बीवी ने बच्चे की परवरिश के मामले में कोर्ट में घसीटा है।
पुजारा के शानदार 204 रन और मुरली विजय (167) के साथ उनकी 370 रन की साझेदारी की मदद से भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट में जीत की ओर कदम बढ़ा दिए हैं। मैच के चौथे दिन खेल शुरू होने के डेढ़ घंटे के भीतर ही ऑस्ट्रेलियाई टीम के दो विकेट गिर गए। मैच के तीसरे दिन भारत ने पहली पारी में 503 रन बनाकर 266 रन की बढ़त हासिल की। सोमवार को खेल समाप्ति तक मेहमान कंगारू टीम ने दूसरी पारी में दो विकेट पर 74 रन बना लिए थे।
अपने बेस्ट से चूके पुजारा : मुरली विजय को ऑफ स्पिनर ग्लेन मैक्सवेल ने एड कोवन के हाथों कैच कराया, जबकि पुजारा अपना दोहरा शतक पूरा करने के बाद पैटिनसन की गेंद पर डोहर्टी को कैच थमा बैठे। पुजारा मामूली अंतर से अपने सर्वश्रेष्ठ नाबाद 206 रन के स्कोर को पीछे छोडऩे से चूक गए।