फिर लुटिया डुबोएंगे धोनी? कोलकाता में भी मांगी मुंबई जैसी पिच
मुंबई. इंग्लैंड के खिलाफ कोलकाता और नागपुर में होने वाले आखिरी दो टेस्ट मैचों के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का मंगलवार को चयन किया जाएगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव और चयन समिति के समन्यवक संजय जगदाले ने यह जानकारी दी। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और कोच डंकन फ्लेचर भी चयन समिति का हिस्सा हैं, लेकिन उन्हें मत देने का अधिकार नहीं है। यदि धोनी की चलती है तो फिर अगले दो मैचों के लिए टीम में ज्यादा बदलाव किये जाने की संभावना नहीं है (पहली बार वानखेड़े में लगे 'सचिन हाय-हाय' के नारे, धोनी की भी भद पिटी)। लेकिन सूत्रों के हवाले से आई खबरों के मुताबिक मुंबई टेस्ट (पढ़ें: 10 विकेट से करारी हार हुई) की पहली पारी में 21 ओवर में 74 रन खर्च कर सिर्फ दो विकेट लेने वाले हरभजन सिंह को टीम से बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है। हरभजन सिंह ने दूसरी पारी में सिर्फ दो ओवर गेंदबाजी की थी और उन्हें कोई सफलता नहीं मिली थी। अहमदाबाद में हुए पहले टेस्ट में वे मैदान पर नहीं उतरे थे।
इस बीच, अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहने वाले धोनी अंपायरों पर की गई टिप्पणी को लेकर चर्चा में हैं। धोनी ने अंपायरों को आड़े हाथों लिया है। धोनी ने मुंबई टेस्ट खत्म होने के बाद इंग्लैंड के बल्लेबाज बेयरस्टो के आउट होने के विवाद के बाबत पूछे गए सवाल के जवाब में कहा, 'क्या यह सिर्फ मेरा काम है कि मैं लोगों को आउट होने के बाद बुलाता रहूं या अंपायर भी कुछ करेंगे? कुछ रिप्ले में साफ दिखता है कि बल्लेबाज एलबीडब्लू आउट है। लेकिन तब विपक्षी टीम यह क्यों नहीं कहती कि बल्लेबाज आउट है और उसे मैदान से पेविलियन वापस बुलाया जाए। अंपायरों को अच्छा पैसा मिलता है और उनसे उम्मीद की जाती है कि वे सही फैसले करेंगे।'
गौरतलब है कि पिछले साल इंग्लिश दौरे पर नॉटिंघम में दूसरे टेस्ट के दौरान इंग्लैंड के बल्लेबाज इयान बेल अजीब ढंग से रन आउट हो गए थे। लेकिन धोनी ने अपनी खेल भावना का परिचय देते हुए उन्हें दोबारा बल्लेबाजी के लिए बुलाया था। लेकिन इस बार धोनी ने ऐसा नहीं किया।
बीते रविवार को मुंबई में दूसरे टेस्ट के दौरान टीम इंडिया के स्पिनर प्रज्ञान ओझा की गेंद पर सिली प्वॉइंट पर खड़े गौतम गंभीर ने बेयरस्टो का कैच लपक लिया। गंभीर के हाथों में आने से पहले गेंद उनके हेलमेट की ग्रिल से टकराई थी। इस तरह से बेयरस्टो को आउट करार दे दिया गया। इसके तुरंत बाद 40 मिनट का लंच ब्रेक हो गया। ब्रेक के दौरान अंपायरों और इंग्लिश टीम प्रबंधन को लगा कि बेयरस्टो आउट नहीं थे। तब तक खिलाड़ी मैदान से बाहर जा चुके थे और फील्ड अंपायर अलीम डार और टोनी हिल फैसले को पलट नहीं सकते थे। लेकिन इंग्लिश टीम मैनेजमेंट इस मुद्दे पर मैच रेफरी रोशन महानामा से संपर्क किया। इसके बाद महानामा इंग्लिश टीम डायरेक्टर एंडी फ्लॉवर के साथ भारतीय ड्रेसिंग रूम में गए। लेकिन धोनी बेयरस्टो को वापस बुलाने पर राजी नहीं हुए और लंच के बाद समित पटेल ने केविन पीटरसन के साथ बल्लेबाजी शुरू की।
पढ़ें-
पहली बार वानखेड़े में लगे 'सचिन हाय-हाय' के नारे
सचिन होने का मतलब
उम्र बढ़ती गई खेल निखरता गया
सचिन के 'अंतिम संस्कार' वाले ऐड पर विवाद
सचिन की सर्वश्रेष्ठ वनडे पारियां
सचिन की सर्वश्रेष्ठ पांच टेस्ट पारियां
विश्व क्रिकेट में सचिन के रिकॉर्ड








