धोनी ने लगाया आरोप, देश नहीं क्लब के लिए खेलते हैं सहवाग

नई दिल्ली. टीम इंडिया के अंदर चल रही गुटबाजी और कप्तानी को लेकर कलह अब खुल कर सामने आ गई है। मीडिया में आ रही खबरों के मुताबिक हाल ही में खत्म हुए टी-20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अहम मैच में वीरेंद्र सहवाग को बाहर बैठाने के बाद उनकी कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के साथ तीखी बहस हुई थी।
रिपोर्ट के मुताबिक कप्तान धोनी ने सहवाग की टीम की तरफ निष्ठा पर सवाल उठाया था। बीसीसीआई के एक अधिकारी ने इस बात का खुलासा किया है कि सहवाग और धोनी के बीच मसले को सुलझाने के लिए बोर्ड को बीच-बचाव करना पड़ा था। सहवाग और धोनी के बीच झगड़ा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अहम सुपर-8 मुकाबले के बाद हुआ था। इस मैच में वीरेंद्र सहवाग को प्लेयिंग इलेवन से बाहर रखा गया था। यह हार भारत को बहुत भारी पड़ी और टीम को टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा।
अधिकारी ने कहा, "सहवाग ने कप्तान धोनी के फैसले पर तीखी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि टूर्नामेंट के अहम मुकाबले में उन्हें बाहर रखने का फैसला क्या सही था? इस पर झल्लाते हुए कप्तान धोनी ने कहा था कि सहवाग टीम के प्रति समर्पित नहीं हैं। आईपीएल-5 में दिल्ली डेयरडेविल्स की कप्तानी करते हुए वे बहुत बढ़िया खेले थे, लेकिन जैसे ही बात नेशनल टीम में खेलने की आई तो उनका फॉर्म खराब हो गया। ऐसा क्यों? उनकी कप्तानी में पिछले दो साल से खेल के सभी फॉर्मेट्स में सहवाग ने खराब प्रदर्शन किया, लेकिन आईपीएल में उनका बल्ला जम कर बोला।"
उल्लेखनीय है कि वीरेंद्र सहवाग को आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप के दो मैचों में नहीं खेलाया गया था। साउथ अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 मैच के दौरान वे चोटिल हो गए थे। मैच के बाद आई रिपोर्ट्स में कहा गया था कि डॉक्टर्स ने सहवाग को चार हफ्ते तक आराम करने के लिए कहा है। लेकिन अब वे चैंपियंस लीग टी-20 में खेलने के लिए फिट हैं।
कैसे हुई धोनी और सहवाग में तनातनी? कब-कब हुआ अहम का टकराव? तस्वीरों में जानिए पूरा विवाद...








