लंदन. इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और स्टार क्रिकेट कमेंटेटर टोनी ग्रेग का आज (29 दिसंबर) निधन हो गया। वे 66 साल के थे। हाल ही में ग्रेग के लंग कैंसर से ग्रसित होने की बात सामने आई थी।
टोनी ग्रेग का नाम इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाजों में शुमार रहा। कॉन्ट्रोवर्सी से लेकर शानदार शतकों तक हर बात के लिए वे चर्चा में रहते थे।
ग्रेग ने 8 जून 1972 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेनचेस्टर में पहला टेस्ट मुकाबला खेला। साउथ अफ्रीका के क्वींसटाउन में जन्मे ग्रेग ने करियर में खेले 58 टेस्ट मैचों में 40.43 की औसत से 3599 रन बनाए। इसमें 8 शतक और 20 अर्धशतक शामिल रहे। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनके नाम 16660 रन दर्ज हैं। उन्होंने 350 प्रथम श्रेणी मैचों में 26 सेंचुरी और 96 हाफ सेंचुरी लगाईं।
टोनी ग्रेग एक शानदार ऑलराउंडर थे। उन्होंने टेस्ट में 32.20 की औसत से 141 विकेट झटके, जिसमें 6 बार उन्होंने पारी में 5 और 2 बार मैच में 10 से ज्यादा विकेट लेने का कारनामा किया। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनके नाम 856 विकेट दर्ज हैं। टेस्ट में उनका बेस्ट इनिंग परफॉर्मेंस 86 रन देकर 8 विकेट लेने का रहा, जो कि उन्होंने वेस्ट इंडीज के खिलाफ पोर्ट ऑफ स्पेन में 30 मार्च 1974 को हुए टेस्ट में दिया था।
टोनी ग्रेग ने एक्टिव क्रिकेट करियर के बाद कमेंट्री में भी अपना हाथ आजमाया। मैच के दौरान उनकी कमेंट्री सुनने के लिए प्रशंसक दीवाने रहते थे।
आगे क्लिक कर देखिए, टोनी ग्रेग के करियर की अनदेखी तस्वीरें...