ऑस्ट्रेलियाई ऑल राउंडर शेन वॉटसन मोहाली टेस्ट की टीम से
बाहर किए जाने पर काफी खफा हैं। वे अब संन्यास के बारे में सोचने लगे हैं। इस फैसले की जानकारी मिलते ही वे अपनी गर्भवती पत्नी के साथ दौरा अधूरा छोड़कर स्वदेश चले गए हैं। एक ऑस्ट्रेलियाई अखबार को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि छोटी सी गलती की इतनी बड़ी सजा देना हम खिलाडिय़ों के साथ अन्याय है। उल्लेखनीय है कि कंगारू टीम प्रबंधन ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए वॉटसन के साथ ही तेज गेंदबाजों मिशेल जॉनसन व जेम्स पैटिनसन और बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा को तीसरे टेस्ट की टीम से बाहर कर दिया था। मोहाली टेस्ट 14 मार्च को शुरू होगा।
वॉटसन ने कहा कि मुझे नहीं मालूम कि टीम में क्या चल रहा है? खिलाड़ी को टेस्ट मैच से पहले कभी भी निलंबित कर दिया जाता है, जबकि उसकी गलती इतनी बड़ी नहीं होती है। अब मैं उस स्थिति में पहुंच गया हूं, जब मुझे क्रिकेट जारी रखने के बारे में सोचना पड़ेगा। क्रिकेट से मुझे काफी प्यार है, लेकिन अब स्थिति बदल गई है। अगले कुछ सप्ताह परिवार के साथ बिताने के बाद मैं अपने भविष्य के बारे में फैसला करूंगा। वॉटसन ने कहा कि मैं टीम प्रबंधन को बताने वाला था कि गर्भवती पत्नी के साथ समय बिताने के कारण मैं चौथा टेस्ट नहीं खेल पाऊंगा। मैं यह जानकारी देता, उससे पहले ही मुझे टीम से बाहर करने की बात मालूम पड़ी।
टीम के पास अब सिर्फ 13 खिलाड़ी
भारत दौरे पर ऑस्ट्रेलिया की १६ सदस्यीय टीम आई थी, जबकि विकेटकीपर-बल्लेबाज ब्रैड हैडिन चोट से जूझ रहे मैथ्यू वेड के कवर के तौर पर बुलाए गए हैं। चार खिलाडिय़ों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के बाद उन्हें टीम के कोच मिकी आर्थर ने बाहर का रास्ता दिखाया। उन्होंने कहा कि अब मोहाली टेस्ट के लिए केवल १३ खिलाड़ी (हैडिन सहित) ही उपलब्ध हैं।
मोहाली टेस्ट के लिए उपलब्ध खिलाड़ी : माइकल क्लार्क (कप्तान), डेविड वार्नर, एड कोवन, फिल ह्यूज, मोइसेस हेनरिक्स, ग्लेन मैक्सवेल, स्टीवन स्मिथ, पीटर सिडल, मिशेल स्टार्क, जेवियर डोहर्टी, नाथन लियोन और ब्रेड हैडिन।