अंडर 19 वर्ल्ड कप विजेताओं का हुआ ढ़ोल-मालाओं के साथ स्वागत

मुंबई. गत चैंपियन आस्ट्रेलिया को उसी की मांद में धूल चटाकर अंडर-19 विश्वकप खिताब जीतने वाली भारतीय युवा टीम का मंगलवार को स्वदेश लौटने पर भव्य स्वागत किया गया।
दिल्ली के प्रतिभाशाली बल्लेबाज उन्मुक्त चंद की कप्तानी में भारतीय युवा टीम ने आस्ट्रेलिया को रविवार को टाउंसविले में छह विकेट से हराकर तीसरी बार यह खिताब जीता था। विश्व चैंपियन बनकर जब युवा टीम स्वदेश लौटी तो हवाई अड्डे पर उनका स्वागत करने के लिए प्रशंसकों का जमावड़ा लगा हुआ था।
नासिक के ढोल और भांगडा संगीत पर प्रशंसक थिरक रहे थे। युवा चैंपियन इस स्वागत से अभिभूत नजर आए और उन्होंने विजेता ट्राफी हाथों में उठाकर प्रशंसकों को दिखाई।
इस जीत के बाद से युवा टीम को प्रधानमंत्री और संसद से बधाई मिल चुकी है तथा बीसीसीआई ने विजेता टीम के हर खिलाड़ी को 20-20 लाख रुपए का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।






