धर्मशाला. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में भारत व इंग्लैंड के बीच 27 जनवरी को खेले जाने वाले पांचवें व अंतिम वनडे को लेकर यहां रोमांच चरम पर है। भारत व इंग्लैंड के स्टार खिलाडिय़ों की उपस्थिति के चलते यहां उत्सव का माहौल बना हुआ है।
फुटबॉल और जिम में रहे हमारे सितारे व्यस्त : भारतीय खिलाडिय़ों ने स्टेडियम में वार्मअप एक्सरसाइज और फुटबॉल खेलकर खूब पसीना बहाया। शाम के सत्र में खिलाडिय़ों ने जिम में कसरत की। दूसरी ओर अंग्रेजों ने खिली धूप में घूमने-फिरने का खूब लुत्फ उठाया।
नया इतिहास रचेगा : मैच का शुभारंभ हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह करेंगे। इस मौके पर तिब्बतियों के धर्मगुरु दलाईलामा भी मौजूद रहेंगे।
धोनी के मैच खेलने पर संशय : टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के मैदान में उतरने पर संशय गहरा गया है। उनके बाएं हाथ का अंगूठा चोटिल है। शुक्रवार को धोनी ने अभ्यास तो किया, लेकिन यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि वे रविवार को खेलेंगे या नहीं।
बौद्ध मठ पहुंचे इंग्लिश खिलाड़ी : इंग्लिश खिलाडिय़ों ने मैक्लोडगंज स्थित चुगलाखंग बौद्ध मठ जाकर बौद्ध धर्म के संबंध में जानकारीयां हासिल की।
इस दौरान मेहमानों ने प्रेयर व्हील घुमाकर बौद्ध मठ की परिक्रमा की। इन खिलाडिय़ों को देखने के लिए प्रशंसकों का तांता लग गया।
टीम इंडिया अंग्रेजों को ढील देने के मूड में नहीं है। लेकिन धर्मशाला का ठंडा मौसम भारतीय टीम को परेशान कर सकता है। हालांकि अंग्रेजों के लिए यह मौसम नया नहीं है। वहीं धर्मशाला में भारतीय टीम का यह पहला मैच भी होगा।इंग्लैड की टीम के खिलाड़ी काउंटी क्रिकेट में ऐसे ही कम तापमान में खेलने के आदी हैं लेकिन भारत में ज्यादातर महीनों में गर्मी रहने से भारतीय खिलाड़ी ऐसे मौसम के आदी नहीं हैं। धर्मशाला का जीरो डिग्री सेल्सियस के आस-पास का तापमान अंग्रेजों को घर के मौसम की याद दिला रहा है। गुरुवार रात को इंग्लैंड के प्रमुख बल्लेबाज केविन पीटरसन ने धर्मशाला के मौसम पर ट्वीट भी किया। पीटरसन का कहना था कि ठंड से उनके पैर सुन्न हो रहे हैं। लेकिन अंग्रेज इस मौसम का मजा ले रहे हैं।
तय कार्यक्रम के मुताबिक इंग्लैंड के खिलाडि़यों को शुक्रवार को स्टेडियम में सुबह दस बजे से भोजनावकाश तक अभ्यास करना था। लेकिन उनका समय घूमने-फिरने में ही बीता।
आगे पढें धर्मशाला से कुछ और खबरें, साथ ही देखें धर्मशाला पहुंचने के बाद खिलाडि़यों की तस्वीरें...