बीसीसीआई की गुगली, भज्जी हुए बोल्ड, अश्विन को मिला ग्रेड-ए

मुंबई. कभी टीम इंडिया के स्टार रहे हरभजन सिंह की जेब पर उनके खराब फॉर्म और फिटनेस का बुरा असर पड़ा है। बीसीसीआई ने ताजा जारी प्लेयर्स ग्रेडिंग में हरभजन को ग्रेड ए लेवल से निकाल कर ग्रेड बी में कर दिया है। उनके स्थान पर ऑफ स्पिनर आर अश्विन को ए-ग्रेड में प्रमोट किया गया है।
बीसीसीआई की प्लेयर्स ग्रेडिंग में ए-ग्रेड वाले खिलाड़ियों को 1 करोड़ रुपए, बी-ग्रेड वालों को 50 लाख रुपए और सी ग्रेड वाले खिलाड़ियों को 25 लाख रुपए सालाना मिलते हैं।
अश्विन ने पिछले साल हरभजन सिंह के चोटग्रस्त होने का भरपूर फायदा उठाते हुए टेस्ट और वनडे टीम में अपनी जगह पक्की कर ली थी। उसी कड़ी मेहनत का फल उन्हें बोर्ड की सीनियर मोस्ट ग्रेडिंग में शामिल किए जाने के तौर पर मिला है।
ताजा ग्रेडिंग कुछ इस प्रकार से है -
ग्रेड-ए - सचिन तेंडुलकर, एम एस धोनी, जहीर खान, वीरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर, सुरेश रैना, युवराज सिंह, विराट कोहली और आर अश्विन।
ग्रेड-बी - हरभजन सिंह, इशांत शर्मा, प्रज्ञान ओझा, रोहित शर्मा, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, इरफान पठान और उमेश यादव।
ग्रेड-सी - रवींद्र जडेजा, अमित मिश्रा, विनय कुमार, मुनाफ पटेल, अभिमन्यु मिथुन, मुरली विजय, शिखर धवन, रिद्धिमान साहा, पार्थिव पटेल, मनोज तिवारी, एस बद्रीनाथ, पीयूष चावला, दिनेश कार्तिक, राहुल शर्मा, वरुण आरोन, अभिनव मुकुंद, अशोक डिंडा, यूसुफ पठान, प्रवीण कुमार और एल बालाजी।








