कप्तान ने लगाया छक्का, इंडिया ने किया क्लीन स्वीप

बेंगलुरु.चिन्नास्वामी स्टेडियम में हो रहे सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन टीम इंडिया ने पांच विकेट से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही भारत ने 2 मैचों की सीरीज पर 2-0 से कब्जा जमाया। कोहली 51 और धोनी 48 रन बना कर नाबाद रहे।
दूसरी पारी में 248 रन बना कर न्यूजीलैंड ने भारत के सामने 261 रन का लक्ष्य रखा। कप्तान धोनी (नाबाद 48 रन) और विराट कोहली (अविजित 51 रन) की बेहतरीन पारियों की बदौलत मेजबान ने मैच के चौथे ही दिन इस लक्ष्य को पांच विकेट शेष रहते हासिल कर लिया।
चेतेश्वर पुजारा ने भी 48 रन की उपयोगी पारी खेली। कीवी टीम के लिए जीतन पटेल ने 3 विकेट जरूर झटके, लेकिन वे टीम को जीत नहीं दिला सके।
मैन ऑफ द मैच - विराट कोहली
पहली पारी में बेहतरीन शतक लगाने के बाद दूसरी पारी में जुझारू 51 रन बनाने वाले विराट कोहली को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दिल्ली के इस बल्लेबाज ने पहली पारी में 103 रन बनाए थे। उनके इसी शतक की बदौलत टीम इंडिया 350 के स्कोर से अधिक बना सकी। इसके बाद कोहली ने दूसरी पारी में सचिन तेंडुलकर, गौतम गंभीर और वीरेंद्र सहवाग जैसे दिग्गजों के आउट होने के बाद उन्होंने कप्तान धोनी के साथ मोर्चा संभालते हुए नाबाद 51 रन बनाए।
जीत के दो आतिशी ओवर
कप्तान धोनी ने कोहली के साथ मिल कर बेंगलुरु टेस्ट का अंतिम सेशन वनडे स्टाइल बना दिया। चौथी पारी के 62 ओवर पूरे होने के बाद टीम इंडिया जीत से 25 रन दूर थी। टिम साउथी ने 63वां ओवर डाला। इस ओवर में विराट कोहली ने तीन चौके लगा कर अपना अर्धशतक पूरा करने के साथ ही टीम को जीत के और करीब कर दिया। इसके अगले ओवर में कप्तान रॉस टेलर ने जीतन पटेल को मोर्चे पर लगाया, लेकिन कप्तान धोनी ने पहली गेंद पर चौका और दूसरी गेंद पर छक्का लगा कर स्टाइलिश अंदाज में टीम को जीत दिलाई।
मैन ऑफ द सीरीज - आर अश्विन
2 टेस्ट मैचों की सीरीज में 18 विकेट चटकाने वाले ऑफ स्पिनर आर अश्विन को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। उन्होंने 89.2 ओवरों की गेंदबाजी में 13.11 की बेहतरीन औसत से 18 विकेट चटकाए। एक पारी में उनका बेस्ट परफॉर्मेंस 31 रन देकर 6 विकेट लेने का रहा। हैदराबाद में उन्होंने महज 85 रन देकर 12 विकेट हासिल किए थे। इसी परफॉर्मेंस के बूते भारत हैदराबाद में पारी और 115 रन से विजयी रहा था।
भारतीय टेस्ट इतिहास में पहला कीवी क्लीन स्वीप
टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड पर पहली बार क्लीन स्वीप किया है। यह पहला मौका है जब टीम इंडिया सीरीज के सभी टेस्ट मैच जीती। टीम ने हैदराबाद में मेहमान टीम को पारी और 115 रन से हराया था। इसके बाद बेंगलुरु में 5 विकेट से जीत हासिल की। कप्तान धोनी की अगुवाई में भारत ने दूसरी बार क्लीन स्वीप किया है। इससे पहले 2010 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू सीरीज में टीम 3-0 से विनर रही थी।
संक्षिप्त स्कोर
न्यूजीलैंड (पहली पारी) - 365 रन
रॉस टेलर - 113 रन, मार्टिन गुप्टिल - 53 रन और वान विक - 71 रन।
गेंदबाजी - ओझा - 99 रन देकर 5 विकेट, जहीर खान - 83 रन देकर 2 विकेट, यादव - 90 रन देकर 1 विकेट और अश्विन - 82 रन देकर 1 विकेट।
भारत (पहली पारी) - 353 रन
विराट कोहली - 103 रन, धोनी - 62 रन, रैना - 55 रन और सहवाग - 43 रन।
गेंदबाजी - साउथी - 64 रन देकर 7 विकेट, ब्रेसवैल - 91 रन देकर 2 विकेट और बाउल्ट - 90 रन देकर 1 विकेट।
न्यूजीलैंड (दूसरी पारी) - 248 रन
जेम्स फ्रेंकलिन - 41 रन, कप्तान टेलर - 35 रन।
गेंदबाजी - आर अश्विन - 69 रन देकर 5 विकेट, प्रज्ञान ओझा - 49 रन देकर 2 विकेट, उमेश यादव - 68 रन देकर 2 विकेट, जहीर खान - 1 विकेट।
भारत (दूसरी पारी - टार्गेट 261 रन) - 262 रन
विराट कोहली - 51 नॉट आउट, धोनी - 48 नॉट आउट, चेतेश्वर पुजारा - 48 रन
गेंदबाजी - जीतन पटेल - 3 विकेट, बाउल्ट - 1 विकेट, साउथी - 1 विकेट।
IN PICS: कुछ इस स्टाइल से टीम इंडिया ने किया कीवी टीम का कबाड़ा
PHOTOS: टीम इंडिया ने कब-कब किया टेस्ट में क्लीन स्वीप
STATS: 23 साल के साउथी ने दिखाया आईना, यूं खीज गए सचिन
कप्तान धोनी ने बनाए दो शानदार रिकॉर्ड








