फिर लौटेगा क्रिकेट का रोमांच, दिसंबर में पाकिस्तान बनेगी हमारी मेहमान

नई दिल्ली. भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट संबंध बहाल होने का विरोध शुरू हो गया है। दिग्गज क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने पाकिस्तान के साथ क्रिकेट सीरीज फिर से शुरू होने का विरोध करते हुए कहा है कि पाकिस्तान ने मुंबई हमले की जांच में कोई प्रगति नहीं की है। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा, 'यदि पाकिस्तान जांच में सहयोग नहीं कर रहा है तो क्रिकेट संबंध बहाल करने की जरूरत ही क्या है?' महाराष्ट्र कांग्रेस ने भी बीसीसीआई को अपने फैसले पर फिर से विचार करने को कहा है।
इससे पहले बीसीसीआई ने आज जानकारी दी कि पाकिस्तानी टीम दिसंबर में भारत दौरे पर आएगी। यह दोनों टीमों के बीच पांच साल बाद पहली वनडे सीरीज होगी।
सूत्रों के मुताबिक दोनों टीमों के बीच 3 वनडे मैच और 2 टी-20 मैच खेले जाएंगे। वनडे ये मुकाबले चेन्नई, कोलकाता और दिल्ली में आयोजित किए जाएंगे, जबकि टी-20 मैच बेंगलुरु और अहमदाबाद में होंगे। सीरीज का आयोजन 22 दिसंबर के बाद होगा। उल्लेखनीय है कि दोनों देशों के क्रिकेट बोर्ड इस सीरीज के लिए लंबे समय से कवायद कर रहे थे, लेकिन सरकार से हरी झंडी न मिल पाने के कारण मामला अटका हुआ था।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष जका अशरफ ने भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट की बहाली पर कहा, 'क्रिकेट खेलने से दो मुल्कों के रिश्ते मजबूत होंगे। इसे दोनों मुल्कों के अवाम के बीच संबंध और बेहतर होंगे। क्रिकेट से अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।'
दोनों मुल्कों के बीच अंतिम द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज 2007 में खेली थी। 2008 में हुए मुंबई आतंकी हमले के बाद से दोनों देशों के बीच क्रिकेट संबंध भी टूट गए थे। 2011 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल मैच में ये दोनों चिरप्रतिद्वंद्वी आमने-सामने हुए थे।
इस बीच, भारत के विदेश मंत्रालय ने माना है कि सुरक्षा अब भी एक बड़ी चिंता है। मंत्रालय का कहना है कि सैद्धांतिक तौर पर दोनों देशों के बीच क्रिकेट से जुड़ा रिश्ता कायम हो गया है।







