प्रवीण कुमार ने लगाया पक्षपात का आरोप
नई दिल्ली. भारत के मध्यम गति के तेज गेंदबाज प्रवीण कुमार ने फिट होने के बावजूद ईरानी कप टूर्नामेंट में शेष भारत टीम में शामिल नहीं किए जाने को लेकर नाराजगी जताई है। प्रवीण ने कहा कि राष्ट्रीय चयनकर्ताओं ने उन्हें चोट से उबरने के बावजूद भी ईरानी कप के लिए शेष भारत टीम में नजरअंदाज किया है। उन्होंने कहा, 'मुझे पूरी उम्मीद थी कि न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में भी उन्हें टीम में शामिल किए जाने को लेकर बुलावा आएगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ, लेकिन अब ईरानी कप में भी मुझे शेष भारत में शामिल नहीं किए जाने को लेकर मैं बहुत दुखी हूं।'
भारतीय खिलाड़ी ने कहा कि फिलहाल उनका ध्यान चैलेंजर्स ट्राफी की ओर है क्योंकि फिलहाल वह इसी में खेल रहे है, लेकिन प्रवीण ने टीम इंडिया में शामिल नहीं होने पर गहरी निराशा जताते हुए कहा कि 'मैं कई बार इस बात को लेकर अत्यंत दुखी हो जाता हूं कि मैं राष्ट्रीय टीम में क्यों नहीं हूं। मुझे नजरअंदाज क्यों किया गया है।'
प्रवीण ने बीते साल मैदान पर काफी अच्छा प्रदर्शन किया था। जून में जमैका में वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में प्रवीण ने टेस्ट में छह विकेट चटकाए थे। इसके अलावा इंग्लैंड दौरे पर भी प्रवीण ने तीन टेस्ट मैचों में 15 विकेट अपने नाम किए थे लेकिन छाती में चोट के कारण उन्हें ऑस्ट्रेलिया में दिसंबर-जनवरी में खेली गई टेस्ट सीरीज से बाहर रहना पड़ा था लेकिन बाद में चोट से उबरने के बावजूद प्रवीण कामनवेल्थ बैंक सीरीज, एशिया कप और आईपीएल में अपना पहले वाला प्रदर्शन नहीं दोहरा सके थे।
इतना ही नहीं छाती में चोट के बाद अपनी टेनिस एल्बो में चोट के कारण प्रवीण विश्वकप का हिस्सा भी नहीं बन पाए थे तथा इंग्लैंड सीरीज के दौरान फाइनल टेस्ट में भी वह नहीं खेल पाए थे। प्रवीण ने कहा कि 'मैंने वेस्टइंडीज और इंग्लैंड में अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन चोटों ने मेरे करियर पर काफी समय तक रोक लगा दी, लेकिन चोट पर आप का कोई नियंत्रण नहीं होता है। मैं जब भी मैदान पर होता हूं तो मैं अपना 200 प्रतिशत देने का प्रयास करता हूं, लेकिन ज्यादा अच्छा प्रदर्शन करने के दौरान ही आपका चोटिल होने का खतरा भी बढ़ जाता है। प्रवीण राजकोट में 29 सितंबर से शुरू हो रही चैलेंजर्स ट्राफी में शामिल हैं।'
टीम इंडिया इस समय श्रीलंका दौरे पर है जहां टी-20 वर्ल्ड कप टूर्नामेंट से पहले भारत और मेजबान के बीच पहला अभ्यास मैच खेला जा रहा है।
टी-20 वर्ल्ड कप: 'बूढ़ी' टीम के सहारे इंडिया जीतेगा कप?
टी-20 वर्ल्ड कप: सहवाग नहीं कर रहे अभ्यास, फिटनेस पर उठे सवाल







