सचिन की टीम को हराकर शेष भारत ने 25 वीं बार जीती ईरानी ट्रॉफी

मुंबई। शेष भारत और रणजी चैंपियन मुंबई के बीच ईरानी ट्राफी मैच आज पांचवें और अंतिम दिन हारजीत के फैसले के बिना समाप्त हो गया लेकिन हरभजन सिंह के नेतृत्व में शेष भारत ने पहली पारी में बढ़त के आधार पर 25 वीं बार इस प्रतिष्ठित खिताब पर कब्जा कर लिया।
मुंबई को जीत के लिए 507 रन का विशाल लक्ष्य मिला था और उसने मैच ड्रा समाप्त होने तक चार विकेट पर 160 रन बना लिए थे। वसीम जाफर नाबाद 101 रन बनाकर पवेलियन लौटे। शेष भारत के पहली पारी में 526 रन के जवाब में मुंबई की टीम पहली पारी में 409 रन ही बना सकी थी। शेष भारत ने अपनी दूसरी पारी पांच विकेट पर 389 रन बनाकर समाप्त घोषित की।
आस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले दो टेस्टों के लिए टीम इंडिया में वापसी करने वाले शेष भारत के कप्तान हरभजन ने मुंबई की दूसरी पारी में 38 रन देकर दो विकेट चटकाए जबकि प्रज्ञान ओझा और सुरेश रैना ने एक-एक विकेट लिए ।
पहली पारी में 134 और दूसरी पारी में 71 रन बनाने वाले शेष भारत के बल्लेबाज रैना को प्लेयर आफ द मैच घोषित किया गया। हालांकि अपनी इन शानदार पारियों के बावजूद रैना चयनकर्ताओं को लुभाने में नाकाम रहे और आस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले दो टेस्टों के लिए टीम इंडिया में जगह नहीं बना सके।






