इंदौर. भारतीय टीम के सितारा बल्लेबाज लगातार फ्लॉप हो रहे हैं। अच्छे गेंदबाजों की कमी टीम इंडिया के लिए दूसरी समस्या है और कप्तान धोनी पहले ही फील्डिंग में सुधार के लिए कह चुके हैं लेकिन रणजी क्रिकेट के खिलाडिय़ों ने चयनकर्ताओं को विकल्प उपलब्ध कराए हैं।
होलकर स्टेडियम में सर्विसेज ने जिस जज्बे के साथ यूपी को पटखनी दी उससे चयनकर्ता सबा करीम भी प्रभावित होकर गए। अंडरडॉग सर्विसेज ने सशक्त यूपी को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में कदम रखा।
इस मैच को देखने के लिए चयनकर्ता के रूप में सबा करीम मौजूद थे। उन्होंने गेंदबाजी, बल्लेबाजी और फील्डिंग सब पर पैनी नजर रखी। मैच के बाद वे सर्विसेज की ड्रेसिंग रूम में पहुंचे और जीत की बधाई देते हुए सर्विसेज के जज्बे की तारीफ की।
सर्विसेज के कप्तान सौमिक चटर्जी ने घुटने में चोट के बावजूद 34 रनों की नाबाद पारी खेली। वे लगड़ाकर चलते हुए भी सिंगल रन के साथ चौके-छक्के जडऩे में कामयाब रहे और यूपी के गेंदबाजों का अच्छी नसीहत दी।
सौमिक को नहीं मिला रनर
बीसीसीआई ने इस रणजी सत्र से नियमों में बदलाव किए हैं। इसके तहत अब चोटिल खिलाड़ी को रनर नहीं दिए जाने का प्रावधान है। इसी नियम के तहत चोटग्रस्त सौमिक को रनर नहीं दिया गया लेकिन इस मैच में सौमिक की बल्लेबाजी देखने के बाद अधिकांश लोगों का मानना था कि बीसीसीआई को इस नियम की समीक्षा करनी चाहिए और रनर दिए जाने पर विचार करना चाहिए।
सौमिक से जब इस बारे में पूछा गया तो उनका कहना था बोर्ड ने सोच-समझ कर नियम बनाया है और यदि उन्हें लगेगा कि इसमें संशोधन की गुंजाइश है तो इसका फैसला वे खुद करेंगे। मैं इस बारे में अधिक कुछ नहीं कह सकता।
वेंकी ने भी की प्रशंसा
टीम इंडिया के पूर्व कोच और वर्तमान में यूपी टीम के कोच वेंकटेश प्रसाद भी सौमिक की पारी की तारीफ किए बिना नहीं रह सके।
उन्होंने कहा, सौमिक ने यह पारी खेलकर खिलाडिय़ों को अच्छा सबक दिया है। इससे सभी को सीखना चाहिए। उन्होंने कहा यूपी टीम के खिलाड़ी अपने पिछले प्रदर्शन को बरकरार नहीं रख पाए। टॉप ऑर्डर बल्लेबाजी में फेल रहा। उसके बाद पुछल्ले खिलाडिय़ों को पारी संभालनी चाहिए थी लेकिन वे भी नाकाम रहे। कुल मिलाकर हमारी टीम ने किसी भी क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन नहीं किया जिससे हमें हार का सामना करना पड़ा। हां, इम्तियाज अहमद ने ऑल राउंड प्रदर्शन किया वहीं अंकित ने दूसरी पारी में 5 विकेट लिए लेकिन उन्हें दूसरे छोर से साथ नहीं मिला। इम्तियाज ने पहली पारी में नाबाद 53 रन बनाने के साथ 3 विकेट भी लिए थे। वहीं दूसरी पारी में भी इम्तियाज ने नाबाद 40 रन की पारी खेली। वहीं आरिश आलम ने भी अर्धशतक जमाया।
इस मैच के स्टार
इस मैच में सर्विसेज के सूरज यादव ने पहली पारी में 2 और दूसरी पारी में 7 विकेट लिए। इस रणजी सत्र में उनके नाम कुल 41 विकेट हो गए हैं और वे शीर्ष विकेट टेकर की सूची में तीसरे नंबर पर हैं। रजत पालीवाल ने भी शतक जमाया। इस सत्र में उनके नाम 3 रन हो गए हैं। इसमें 4 शतक और 2 अर्धशतक शामिल हैं। यूपी के अंकित राजपूत ने दोनों पारियों में 5-5 विकेट लिए।