बेंगलुरु। मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर ने भले ही वनडे क्रिकेट से अलविदा ले लिया हो लेकिन उनसे वनडे में वापसी कर विदाई मैच खेलने का आग्रह किया जा रहा है। आईडीएल फाउंडेशन फॉर ब्लाइंड के बच्चों वे प्रबंधन ने आग्रह किया है कि सचिन कम से कम उनके लिए विदाई मैच खेले। सचिन ने इस मांग पर विचार करने की बात भी कह डाली है। उन्होंने कहा है कि उन्हें इस बारे में सोचने का समय दिया जाए।
चिन्नास्वामी स्टेडियम में प्रशिक्षण कैंप के दूसरे दिन आईडीएल फाउंडेशन तथा आईडीएल ब्लाईंड बैंड के प्रमुख पीके पाल के नेतृत्व में नेत्रहीन बच्चों ने सचिन तथा कप्तान महेंद्र ङ्क्षसह धोनी से मुलाकात की। पाल ने संवाददाताओं से बातचीत के दौरान कहा कि उन्हें सचिन का वनडे से संन्यास लेने का निर्णय अच्छा नहीं लगा। उन्होंने कहा ‘विश्व के सबसे अच्छे बल्लेबाज को शानदार विदाई दी जानी चाहिए। जोकि वह संन्यास लेने की वजह से हासिल नहीं कर पाए। हम उनसे आग्रह करते है कि वे या तो अपना आखिरी वनडे खेले अथवा अपनी फाउंडेशन एवं प्रशंसकों के लिए विदाई मैच खेले।’