बोर्ड अध्यक्ष एकादश के खिलाफ चेन्नई में खेले जा रहे पहले अभ्यास मैच में मेहमान ऑस्ट्रेलिया की टीम पहले दिन 241 रन पर ऑल आउट हो गई है। मेजबान टीम की तरफ से जम्मू कश्मीर के ऑल राउंडर परवेज रसूल ने सबसे अधिक सात विकेट लिए। ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 88.3 ओवरों में पैवेलियन लौट गई। रसूल ने महज 45 रन देकर यह कामयाबी हासिल की। यह वही रसूल हैं जिनको 2009 में आतंकवादी समझ कर बंगलुरू पुलिस ने हिरासत में ले लिया था और पूछताछ भी की थी। हालांकि बाद में उन्हें क्लीन चिट मिल गई थी।
ऑस्ट्रेलिया की तरफ से कार्यवाहक कप्तान एड कावन ने सबसे अधिक 58 रन बनाए। 85 ओवरों में आस्ट्रेलिया का स्कोर आठ विकेट के नुकसान पर 231 था, उस वक्त रसूल ने पांच विकेट झटक लिए थे। पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया के चार विकेट चाय काल तक गिर चुके थे, उस वक्त मेहमान टीम का स्कोर 170 रन था। चौथे विकेट के तौर पर स्टुअर्ट बिन्नी ने ग्लेन मैक्सवेल को पैवेलियन भेजा है। 35 ओवरों के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 111 था। उस वक्त दोनों सलामी बल्लेबाज आउट हो चुके थे। मैथ्यू वेड (12 नाबाद) और स्टीवन स्मिथ ( दो नाबाद) क्रीज पर थे। लेकिन 54 वें ओवर में परवेज रसूल ने मैथ्यू वेड को 35 के स्कोर पर आउट कर दिया। उस वक्त ऑस्ट्रेलिया टीम का स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 168 पहुंच गया था। वेड ने स्मिथ (29) के साथ अच्छी साझेदारी की।
ऑस्ट्रेलिया टीम का भारत दौरे का यह पहला मैच है। चिदंबरम स्टेडियम में टेस्ट मैच के लिए हो रही तैयारियों की वजह से यह मैच गुरुनानक कॉलेज के क्रिकेट मैदान में खेला जा रहा है।
बोर्ड अध्यक्ष एकादश के कप्तान बल्लेबाज अभिनव मुकुंद हैं। इस मैच में ऑस्ट्रेलियाई खिलाडिय़ों के पास भारतीय परिस्थितियों से अभ्यस्त होने का एक अच्छा मौका होगा। कुछ ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी पहले ही भारत दौरे पर पहुंच चुके थे और वे एमए चिदंबरम स्टेडियम में पिछले कुछ दिनों से पसीना बहा रहे थे।