टी20 महिला विश्वकप के फाइनल में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया की टीमें रविवार को आमने-सामने होंगी। टूर्नामेंट में इंग्लैंड ने चार जबकि ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैच जीते हैं। एक मैच में इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया को हरा भी चुका है। ऐसे में ऑस्ट्रेलियाई महिलाएं फाइनल में इंग्लैंड को चुनौती देने के लिए बेताब होंगी।
पहले सेमीफाइनल में जहां इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया था। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को 28 रन से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई थी। इंग्लैंड की कप्तान शर्लोट एडवड्र्स, विकेटकीपर बल्लेबाज सारा टेलर और लॉरा मार्श शानदार फार्म में है। एडवर्ड्स ने टूर्नामेंट के चार मैचों में 91.71 की स्ट्राइक रेट से 144 रन बनाए हैं। वहीं टेलर इतने ही मैचों में 106.25 की स्ट्राइक रेट से 119 और मार्श 115.46 की स्ट्राइक रेट से 112 रन बना चुकी हैं। कप्तान एडवर्ड्स को गेंदबाजी में हॉली कोल्विन से उम्मीदें हैं, जो चार मैचों में 7 विकेट झटक चुकी हैं।
ऑस्ट्रेलिया की पुरुष टीम की चुनौती सेमीफाइनल में समाप्त हो गई है। ऐसे में कंगारुओं को अपनी महिला टीम से काफी उम्मीदें हैं। ऑस्ट्रेलिया की मेग लैनिंग, जैस कैमरून और लीसा स्थालेकर टूर्नामेंट में अब तक क्रमश: 113, 106 और 93 रन बना चुकी हैं। ऐसे में कप्तान जोडी फील्ड्स को इन पर खासा भरोसा है। मध्यम तेज गेंदबाज जूली हंटर टूर्नामेंट में सर्वाधिक विकेट ले चुकी हैं। वे 4 मैचों में अब तक 9 विकेट झटक चुकी हैं। ऐसे में ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजी उन्हीं के इर्द गिर्द रहेगी।