क्रिकेट नहीं, टेनिस है सचिन का पहला प्यार
दुबई. क्रिकेट की दुनिया के सबसे बड़े नाम माने जाने वाले सचिन तेंडुलकर का पहला प्यार क्रिकेट नहीं बल्कि टेनिस था। यह बात खुद सचिन ने मानी है।
दुबई में एक कार्यक्रम में सम्मानित किए गए सचिन ने कहा कि वे जब छोटे थे, तब टेनिस खेलना चाहते थे। लेकिन उन्हें बताया गया कि वे टेनिस अच्छा नहीं खेलते हैं और उन्हें क्रिकेट खेलना चाहिए। बकौल सचिन इसके बाद ही वे क्रिकेट की तरफ मुड़े। सचिन किसे अपना आदर्श मानते हैं? इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वे अपने पिता को अपना आदर्श मानते हैं।
अपने पिता के बारे में सचिन ने कहा कि जब वे भारतीय टीम की तरफ से खेलने लगे थे, तब उनके पिता ने कहा था कि जीवन में कोई भी चीज हमेशा आपके साथ नहीं रहती है। इसलिए एक अच्छा इंसान बनो, यह अच्छाई ही आपके साथ रहेगी। सचिन ने इस दौरान अपने 100 वें शतक के लिए संघर्ष को याद करते हुए कहा कि भाग्य की वजह से मुझे लगता है कि उसमें देर लगी।







