10 महीने बाद युवराज करेंगे वापसी!
नई दिल्ली. टी-20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया है। सेलेक्टरों ने युवराज सिंह पर भरोसा जताते हुए उन्हें टीम में शामिल किया है। इस तरह से युवराज करीब 10 महीने बाद टीम इंडिया के लिए क्रिकेट खेलते नज़र आएंगे। युवराज सिंह ने आखिरी बार नवंबर, 2011 में भारत के लिए क्रिकेट खेला था। लेकिन खराब फॉर्म से जूझ रहे रोहित शर्मा और हरभजन सिंह को टीम में शामिल करने का अजीब-ओ-गरीब फैसला भी सेलेक्टरों ने किया है।
टीम में चयन पर खुशी जाहिर करते हुए युवराज सिंह ने ट्वीट किया, 'मैं बता नहीं सकता कि कैसा महसूस कर रहा हूं, ऐसा लग रहा है जैसे भारत के लिए पहली बार खेलने जा रहा हूं...बहुत से लोगों का शुक्रिया करना चाहता हूं..खास कर मुझमें विश्वास जताने के लिए बीसीसीआई और चनयकर्ताओं का, अपने दोस्तों और परिजनों का..फैंस और मीडिया का...यह मेरे लिए विशेष दिन है।' युवराज ने एक और ट्वीट कर कहा, 'जब मैं कैंसर का इलाज करा रहा था तब हमेशा सोचता था कि एक दिन वापसी करूंगा और भारत के लिए खेलूंगा। ईश्वर एक और बार मुझे ऐसा करने का मौका देगा...तो अब मैं एक बार फिर अपने देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार हूं..यह बहुत बड़ा सम्मान है। और यह मेरे प्रियजनों और फैंस की दुआओं के बिना संभव नहीं था। मैं अब मैदान में उतरकर तिरंगा फहराने का इंतजार नहीं कर सकता। मैंने बहुत मेहनत की है और अब इस महीने टी-20 विश्व कप की तैयारी करूंगा। जयहिंद!'
युवराज के चयन पर ट्वीट करते हुए खेलमंत्री अजय माकन ने कहा, 'युवराज योद्धा हैं, उनकी वापसी न सिर्फ भारतीय टीम का हौसला बढ़ाएगी बल्कि बुरे वक्त से जूझ रहे खिलाड़ियों को हौसला भी देगी।'
18 सितंबर से श्रीलंका में खेले जाने वाले टी-20 वर्ल्ड कप के लिए घोषित टीम के 15 सदस्य ये हैं: महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), गौतम गंभीर, वीरेंद्र सहवाग, युवराज सिंह, विराट कोहली, सुरेश रैना, इरफान पठान, अश्विन, जहीर खान, एल. बालाजी, अशोक डिंडा, रोहित शर्मा, पीयूष चावला, हरभजन सिंह और मनोज तिवारी।









