AZLAN SHAH CUP: आज न्यूजीलैंड से भिड़ेगा भारत, जीतना जरूरी
dainikbhaskar.com
| Mar 14, 2013, 09:43AM IST

भारतीय हॉकी टीम गुरुवार को अजलान शाह हॉकी टूर्नामेंट में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले करो या मरो के मुकाबले में जीतने के लिए उतरेगी। भारत को टूर्नामेंट में बने रहने के लिए यह मैच हर हाल में जीतना जरूरी है। इसके अलावा उसे दूसरी टीमों के परिणाम पर भी निर्भर रहना होगा। कीवी टीम भी खिताबी रेस में बने रहने के लिए यह मैच जीतना चाहेगी।
भारत के तीन मैचों से तीन अंक हैं और वह ऑस्ट्रेलिया (7) मलेशिया (7) और न्यूजीलैंड (3) के बाद चौथे स्थान पर है। मलेशिया ने मंगलवार को छह बार के चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को एक-एक की बराबरी पर रोककर बाकी टीमों के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। अब शेष टीमों को गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया और मलेशिया के क्रमश: कोरिया और पाकिस्तान के खिलाफ हार की दुआ करनी होगी। ऑस्ट्रेलिया और मलेशिया अगर जीत जाते हैं तो उनके 10-10 अंक हो जाएंगे। ऐसे में भारत, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और कोरिया टूर्नामेंट से बाहर हो जाएंगे क्योंकि अगले दो-दो मैच जीतने के बाद भी इन टीमों के 9-9 अंक ही रहेंगे।
भारतीय कोच माइकल नोब्स ने कहा कि वह फिलहाल गुरुवार के मैच के बारे में सोच रहे हैं। पाकिस्तान के खिलाफ हमने समय पर अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन कुछ चीजों पर मेहनत करनी होगी। न्यूजीलैंड की टीम एशियाई शैली की हॉकी नहीं बल्कि तेज हॉकी खेलती है। भारत को इस तेज रफ्तार से पार पाना होगा। मैच शाम 6 बजे शुरू होगा।






