मेलबर्न. सानिया मिर्जा ने ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस के मिश्रित युगल वर्ग में विजयी आगाज किया है। सानिया और अमेरिका के बॉब ब्रायन की तीसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी शुक्रवार को आसान जीत के साथ दूसरे राउंड में पहुंची।
उन्होंने पहले मैच में समांथा स्टोसर व ल्यूक सेविले की ऑस्ट्रेलियाई जोड़ी पर 6-2, 6-2 से जीत दर्ज की। उल्लेखनीय है कि सानिया मिर्जा को महिला युगल के पहले ही राउंड में हार का सामना करना पड़ा था।
जोकोविक-शारापोवा प्री-क्वार्टर फाइनल में
इस बीच दुनिया के पहले नंबर के खिलाड़ी सर्बिया के नोवाक जोकोविक व रूसी सुंदरी मारिया शारापोवा ने चौथे दौर में जगह बना ली है। जोकोविक ने तीसरे राउंड में रादेक स्टीपानेक को 6-4, 6-3, 7-5 से हराया। वे अगले दौर में स्विट्जरलैंड के वावरिंका से खेलेंगे, जिन्होंने अमेरिका के क्वेरी पर 7-6, 7-5, 6-4 से जीत दर्ज की।
अन्य मैचों में चौथी वरीयता प्राप्त डेविड फेरर ने बगडैटिस को 6-4, 6-2, 6-3 से, स्पेन के अल्माग्रो ने पोलैंड के जर्जी जैंकोविक को 7-6, 7-6, 6-1 से और सर्बिया के जांको टिप्सारेविक ने जूलियन बेनेट्यू को 3-6, 6-4, 2-6, 6-4, 6-3 से हराया।
वीनस बाहर : महिला एकल में शारापोवा ने वीनस विलियम्स को 6-1, 6-3 से मात दी। चौथी वरीयता प्राप्त रादवांस्का ने ब्रिटिश खिलाड़ी हैदर वाटसन को 6-3, 6-1 से मात देकर चौथे दौर में प्रवेश कर लिया। सर्बिया की इवानोविक ने हमवतन जेलेना जांकोविक को 7-5, 6-3 से हराकर चौथे दौर में जगह बनाई।
अन्य मैचों में जर्मनी की एंजेलिक कर्बर ने अमेरिका की मैडिसन को 6-2, 7-5 से, छठी सीड चीन की लि ना ने रोमानिया की सोराना सर्सटिया को 6-4, 6-1 से तथा रूस की एकेटेरिना माकारोवा ने 11वीं सीड फ्रांस की मारियन बतरेली को 6-7, 6-3, 6-4 से हराया।
जर्मनी की जूलिया जॉर्जेज ने चीन की झेंग जी को 6-3, 1-6, 7-5 हरा अगले दौर में अपनी जगह पक्की कर ली।
आगे क्लिक कर देखिए, ऑस्ट्रेलियन ओपन में सानिया मिर्जा और दूसरे स्टार प्लेयर्स के मैचों की झलकियां...