सचिन लगाएं ना लगाएं, ये अंग्रेज जरूर पूरा करने जा रहे हैं अनोखा सैकड़ा
Source: Dainikbhaskar.com | Last Updated 17:30(23/01/12)
खेल डेस्क. मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर के 100वें शतक का इंतजार लगभग हर क्रिकेट प्रेमी कर रहा है। लेकिन इस महाशतक से पहले इंग्लैंड के कप्तान एंड्रयू स्ट्रॉस और एलिस्टर कुक एक अनोखा सैकड़ा पूरा करने जा रहे हैं। यह रिकॉर्ड है टेस्ट में 100वीं बार पारी का आगाज।
25 तारीख से शुरू हो रहे टेस्ट मुकाबले में जब कुक और स्ट्रॉस पाकिस्तान के खिलाफ पारी की शुरुआत करने मैदान पर उतरेंगे, तो यह 100वां मौका होगा जब ये दोनों बल्लेबाज एकसाथ क्रीज पर होंगे।
टेस्ट में एक जोड़ी द्वारा 100 पारियां एकसाथ शुरू करने का कारनामा अबतक कुल तीन और जोड़ियां कर पायी हैं। इसमें सबसे आगे है वेस्ट इंडीज के सलामी बल्लेबाज गॉर्डन ग्रीनेज और डेजमंड हेयन्स। इसके बाद क्रमशः श्रीलंका के मरवन अट्टापट्टू और सनथ जयसूर्या व ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू हेडन और जस्टिन लैंगर का नंबर आता है।
कुक और स्ट्रॉस को यह रिकॉर्ड हासिल करने से तो कोई नहीं रोक सकता, लेकिन ये जोड़ी कितनी देर पिच पर टिक पाएगी यह बात वक्त ही बताएगा।
दुबई में हुए पहले टेस्ट मुकाबले में दोनों बल्लेबाजों ने क्रमशः 10 और 6 रन की साझेदारियां की थीं। पाकिस्तान ने यह मैच 10 विकेट से जीता था।
सर्वाधिक बार पारियों का आगाज करने वाली टॉप पांच जोड़ियां इस प्रकार से हैं -
गॉर्डन ग्रीनेज और डेजमंड हेयन्स - 148 बार
सनथ जयसूर्या और मरवन अट्टापट्टू - 118 बार
मैथ्यू हेडन और जस्टिन लैंगर - 113 बार
एलिस्टर कुक और एंड्रयू स्ट्रॉस - 99 बार
माइकल स्लेटर और मार्क टेलर - 78 बार