पर्थ वनडे - ऑस्ट्रेलिया 5 रन से जीता
मैन ऑफ द मैच - माइकल क्लार्क
ऑस्ट्रेलिया - 49.1 ओवर में 231 रन
क्लार्क - 54 रन, वार्नर - 34 रन, क्रिश्चियन - 33 रन
मलिंगा, कुलसेखरा, मैथ्यूज, धम्मिका प्रसाद और सेनानाएके को 2-2 विकेट।
श्रीलंका - 49.5 ओवर में 226 रन
मैथ्यूज - 64 रन, दिलशान - 40 रन, चांडीमल - 37 रन
स्टार्क, क्रिश्चियन और डोहर्टी को 2-2 विकेट। हैरिस, मैक्के और क्लार्क को 1-1 विकेट।
----------------------------------------------------------------
पर्थ.सीबी सीरीज के तीसरे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका को 5 रन से हरा दिया। मेजबान टीम द्वारा दिए 232 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पूरी श्रीलंकाई टीम एक गेंद शेष रहते 226 रन पर ऑल आउट हो गई। एंजलो मैथ्यूज ने संघर्षपूर्ण 64 रन जरूर बनाए, लेकिन वो टीम को जीत दिलाने में नाकामयाब रहे।
खराब रही शुरुआत
ऑस्ट्रेलिया द्वारा दिए 232 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत खराब रही। उसका पहला विकेट चौथे ओवर की तीसरी गेंद पर गिरा। मिचेल स्टार्क ने सलामी बल्लेबाज उपुल थरंगा को 5 रन के निजी योग पर आउट किया।
दिलशान ने खेली शानदार पारी
पूर्व कप्तान तिलकरत्ने दिलशान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 40 रन बनाए। उन्होंने कुमार संगकारा के साथ मिलकर
दूसरे विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी की। इस जोड़ी के टूटने के बाद विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे।
बेकार हुई मैथ्यूज की पारी
श्रीलंका के हरफनमौला खिलाड़ी एंजलो मैथ्यूज ने बेहतरीन अर्धशतक लगाया। लेकिन वो टीम को जीत नहीं दिला सके। मैथ्यूज ने 76 गेंदों का सामना करते हुए 64 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 4 चौके और 1 छक्का लगाया। एंजलो ने श्रीलंका को जीत के दरवाजे तक पहुंचा दिया था। लेकिन अंतिम ओवर की पांचवी गेंद पर वो दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से आउट हो गए। उन्हें स्टार्क ने डेनियल क्रिश्चियन के हाथों कैच करवा दिया।
शानदार रहे स्टार्क
ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजी के स्टार रहे मिचेल स्टार्क। स्टार्क ने 50 रन देकर 2 विकेट चटकाए। उन्होंने अपने अंतिम ओवर में मैथ्यूज को आउट कर टीम को जीत दिलायी। स्टार्क के अलावा डेनियल क्रिश्चियन और जेवियर डोहर्टी ने भी 2-2 विकेट झटके। रेयान हैरिस, मैक्के और माइकल क्लार्क को 1-1 सफलता हाथ लगी।
मैच के हीरो रहे क्लार्क
माइकल क्लार्क ने टीम के लिए मैच जिताऊ प्रदर्शन किया। पहले क्लार्क ने मुश्किल समय में बल्लेबाजी की कमान संभालते हुए शानदार अर्धशतक लगाया। यह उनके करियर का 50वां अर्धशतक था। क्लार्क ने 57 रन बनाए। इसके बाद क्लार्क ने गेंदबाजी में भी जौहर दिखाया। क्लार्क ने दिनेश चांडीमल का अहम विकेट लेकर जीत में दोहरा योगदान किया।
ऑस्ट्रेलिया ने बनाए 231 रन
ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका के सामने 232 रन का लक्ष्य रखा। ऑस्ट्रेलिया की पारी 49.1 ओवर में सिमट गई। डोहर्टी 2 रन बनाकर नाबाद रहे।
श्रीलंकाई गेंदबाजों का कमाल
श्रीलंका के गेंदबाजों ने अपने कप्तान महेला जयवर्धने के फैसले का सम्मान रखते हुए बेहतरीन प्रदर्शन किया। श्रीलंका के लिए लासिथ मलिंगा, नुवान कुलसेखरा, एंजलो मैथ्यूज, धम्मिका प्रसाद और सेनानाएके ने 2-2 विकेट झटके।
क्रिश्चियन और वार्नर की उपयोगी पारियां
डेनियल क्रिश्चियन ने 33 रन और वार्नर ने 34 रन का योगदान किया। इसके अलावा माइक हसी ने 23 और डेविड हसी ने 27 रन बनाए। क्लिंट मैक्के ने भी 25 रन की उपयोगी पारी खेली।
सस्ते में लौटे पोंटिंग
पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग कुछ खास नहीं कर सके। वेड के स्थान पर खेलने आए पोंटिंग महज 1 रन बनाकर मलिंगा की गेंद पर पगबाधा आउट हुए।
कुलसेखरा ने झटका पहला विकेट
नुवान कुलसेखरा ने कप्तान महेला जयवर्धने के पहले गेंदबाजी के फैसले का समर्थन दिखाते हुए सलामी बल्लेबाज मैथ्यू वेड को सस्ते में आउट किया। मैच के चौथे ओवर की पहली ही गेंद पर वेड विकेटकीपर संगकारा के हाथों लपक लिए गए। वेड 1 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
टॉस - श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।