रिटायर्ड होने के बाद भी इन दिग्गजों को बीसीसीआई देगी 70 करोड़ रुपए
Bhaskar Network | May 13, 2012, 09:52AM IST

भुगतान से करीब 160 क्रिकेटर लाभान्वित होंगे। बीसीसीआई की कार्यसमिति की यहां हुई बैठक में इस संदर्भ में फैसला लिया गया। बीसीसीआई के अध्यक्ष एन. श्रीनिवासन ने संवाददाताओं को यह जानकारी देते हुए बताया कि जो खिलाड़ी 2003-04 से पहले रिटायर हुए हैं, वे यह भुगतान पाने के हकदार होंगे।
उन्होंने कहा 'मैं यह बताना चाहता हूं कि आईपीएल के प्लेऑफ मैचों से मिलने वाली राशि में से बीसीसीआई उन पूर्व क्रिकेटरों को एकमुश्त भुगतान देगी जिन्होंने देश के लिए अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट खेली है। यह हमारा इन खिलाडिय़ों को धन्यवाद देने का छोटा सा प्रयास है।
श्रीनिवासन ने बताया कि भुगतान सात वर्गों में किया जाएगा और सबसे अधिक भुगतान उन क्रिकेटरों को मिलेगा जिन्होंने 100 से ज्यादा टेस्ट खेले हैं। पूर्व कप्तान सुनील गावसकर, कपिल और दिलीप वेंगसरकर इस वर्ग में आते हैं जिन्हें डेढ़-डेढ़ करोड़ रुपए मिलेंगे।
अन्य रिटायर्ड खिलाडिय़ों को उनके खेले गए मैचों की संख्या के आधार पर 35 लाख से लेकर एक करोड़ रुपए दिए जाएंगे। घरेलू क्रिकेट में 100 से ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाडिय़ों को 30-30 लाख रुपए मिलेंगे जबकि 75 से 99 प्रथम श्रेणी मैच खेलने वालों को 25-25 लाख रुपए मिलेंगे।





