आईपीएल की नयी मुसीबत ,सट्टेबाज का श्रीलंकाई खिलाड़ी 10 करोड़ रूपये देने का दावा
मुंबई .आईपीएल के लिए मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रहीं । बुकी सोनू योगेंद्र जालान उर्फ मलाड ने क्राइम ब्रांच को बताया है कि उसने श्रीलंका के एक खिलाड़ी को मैच फिक्स करने के एवज में दस करोड़ रूपये दिये । उसने एक चौंकाने वाला खुलासा यह भी किया कि मैच फिक्सिंग के काले काम में कुछ भारतीय खिलाड़ी भी शामिल हैं। सोनू और उसके साथी देवेंद्र कोठारी उर्फ भैय्याजी को गुरूवार को गिरफ्तार किया गया था। माना जा रहा है कि इस बदनाम धंधे की ये दोनों छोटी मछलियां हैं असली डोर तो किसी और के हाथों में है।
क्राइम ब्रांच की प्रापर्टी सेल ने कांदिवली के लोखंडवाला में गुरूवार को छापा मार कर सट्टेबाजों के एक बड़े रैकेट का पता लगाया। इनके पास से दो लैपटॉप, वॉयस रिकार्डर, कम्प्यूटर, 25 सेलफोन और 5.18 लाख रूपये बरामद हुए।
सूत्रों के अनुसार ये लोग दरअसल 500 करोड़ रूपये के सट्टा नेटवर्क से जुडे हैं जिसके तार पाकिस्तान से अपनी गतिविधियां चला रहे छोटा शकील गैंग से जुड़े हुए हैं। सोनू इससे पहले भी पिछले साल सट्टेबाजी के आरोप मे पकड़ा गया था।
इस मामले में पाया गया है कि कोठारी और सोनू के ग्राहक और सट्टेबाज अफगानिस्तान, पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका और सऊदी अरब में बैठे हैं। भारत में उसका मकड़ जाल दिल्ली , कोलकाता, राजस्थान, गुजरात और हरियाणा में फैला है। ये लोग अपने ग्राहकों को सट्टे की इंटरनेट साईट बेटफेयर पर अकांउट खोलने के लिए कहते थे और पैसा लगाने के लिए पासवर्ड पूछते थे। रेट कन्फर्म करने के बाद वे ग्राहक का पैसा इस काले काम में लगा देते थे। भारत में इस साइट के जरिए काम करना प्रतिबंधित है।
IPL 5: बाहर हुई द्रविड़ की टीम, कोहली पर लगा जुर्माना
IPL तमाशा: नशे में धुत थी अमेरिकी लड़की, हर किसी के चेहरे पर फेर रही थी हाथ!
एमसीए, बीसीसीआई और आईपीएल को भारी पड़ेगा शाहरुख पर बैन!








