छेड़छाड़ मामले में ऑस्ट्रेलियन क्रिकेटर को राहत दिला सकती है सीसीटीवी फुटेज

मुंबई. गुरुवार रात दिल्ली के पांच सितारा होटल में आईपीएल पार्टी के बाद अमेरिकी लड़की से आस्ट्रेलियाई क्रिकेटर ल्यूक द्वारा कथित रूप से की गई छेड़खानी के मामले में होटल की लॉबी, फ्लोर, पार्टी एंट्री पाइंट और अन्य हिस्सों की सीसीटीवी फुटेज अहम भूमिका निभा सकती है। पुलिस ये फुटेज देख कर किसी निष्कर्ष पर पहुंच सकती है, लेकिन एक सूत्र के मुताबिक अमेरिकी जोहेल हामिद और सोशेलाइट साहिल परिजादा (जिसे वह अपना मंगेतर बता रही हैं) बिना बुलाए ही पार्टी में पहुंचे थे।
ऐसी भी खबर आ रही है कि जोहेल ने शराब पी रखी थी। वह पार्टी में मौजूद क्रिकेट खिलाड़ियों के साथ डांस करने की कोशिश कर रही थीं। पार्टी में मौजूद एक सूत्र के मुताबिक, 'पीड़ित महिला पहले से ही नशे में थी और पार्टी में उसने खुद को अमेरिका से आई एक मॉडल बताया था जो बॉलीवुड फिल्मों में किस्मत आजमाने के मौके तलाश रही है। उसने पार्टी में मौजूद सभी चर्चित चेहरों के करीब आने की कोशिश की। यदि उसके साथ जो व्यक्ति था वो उसका मंगेतर था तो फिर उसने तब कुछ क्यों नहीं कहा।'
एक अन्य सूत्र ने कहा, 'जोहल और साहिल को गेट पर ही रोक लिया गया था क्योंकि उनके नाम मेहमानों की सूची में नहीं थे। इसके बाद साहिल ने कुछ फोन कॉल किए और उन्हें अंदर आने दिया गया। पूरा घटनाक्रम होटल में कई स्थानों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है और यह पुलिस को उपलब्ध भी हो गया है।'
सूत्र ने यह भी कहा, 'पीड़ित महिला आरोपी और अन्य खिलाड़ियों के साथ तस्वीरें भी खिंचा रही थी। जब वो ल्यूक के करीब आने की कोशिश कर रही थी तब साहिल भी वहां मौजूद था। वो खुद ही ल्यूक को अपनी और आकर्षित कर रही थी। फिर पूरे मामले पर इतना हंगामा क्यों?' पार्टी में मौजूद इस सूत्र का यह भी कहना है कि जरूर ही मामले में कुछ और भी है।
ल्यूक पर बृहस्पतिवार की रात आईपीएल पार्टी के बाद नई दिल्ली के एक पांच सितारा होटल में जोहल से छेड़छाड़ करने और उनके मंगेतर साहिल पीरजादा को पीटने का आरोप है। एक दिन की जमानत पाए ल्यूक को शनिवार को फिर से कोर्ट में पेश किया गया। ल्यूक ने शनिवार को फिर दोहराया कि वो बेकसूर हैं और जोहल सिर्फ मीडिया पब्लिसिटी पाने के लिए झूठी शिकायत कर रही है। इसी बीच पीड़ित महिला ने दिल्ली महिला आयोग से भी सिद्धार्थ माल्या की शिकायत की है।
जोहल के चरित्र पर सिद्धार्थ माल्या खुले आम सवाल उठा चुके हैं, जिसके लिए उन्हें नोटिस भी भेजा गया है। जोहल का कहना है कि ल्यूक ने उनके कमरे में पहले उनका हाथ पकड़ कर उन्हें अपनी ओर खींच लिया और ब्रेस्ट दबा कर किस करने की कोशिश करने लगा।






