गेल ने पूरा किया आईपीएल का पहला शतक
Agency
| May 07, 2012, 17:43PM IST

डेक्कन चार्जर्स हैदराबाद के खिलाफ आईपीएल-पांच मैच शुरू होने से पहले गेल यह उपलब्धि पाने से सिर्फ एक कदम दूर थे और उन्होंने बेंगलुरु की पारी के 10वें ओवर की आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर टूर्नामेंट में अपने छक्कों की संख्या 100 पर पहुंचा दी। यह आईपीएल-5 में गेल का 30वां छक्का था।
गेल ने यह उपलब्धि डेक्कन के गेंदबाज अमित मिश्रा को डीप स्क्वायर लेग सीमा के बाहर भेजकर हासिल की। उन्होंने 22 गेंद पर 26 रन की इस पारी में दो छक्के जड़े और इस तरह टूर्नामेंट में उनके छक्कों की संख्या अब 101 हो गयी है। वह आईपीएल के इतिहास में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज हैं। गेल ने आईपीएल के कुल 38 मैचों में 101 छक्के मारे हैं।
छक्के उड़ाने के मामले में गेल के नजदीकी प्रतिद्वंद्वी चेन्नई सुपरकिंग्स के सुरेश रैना हैं जिनके खाते में 74 मैचों में 87 छक्के दर्ज हैं। किंग्स इलेवन पंजाब के कप्तान एडम गिलक्रिस्ट 65 मैचों में 84 छक्कों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। दिल्ली डेयरडेविल्स के कप्तान वीरेंद्र सहवाग और कोलकाता नाइटराइडर्स के यूसुफ पठान 77-77 छक्कों के साथ संयुक्त चौथे स्थान पर हैं।







