माल्या ने दिया था ऑर्डर... और गेल ने बजा दी गेंदबाजों की पुंगी
Dainikbhaskar.com | May 12, 2012, 10:22AM IST

आईपीएल-4 में बेंगलुरु को फाइनल तक पहुंचाने वाले गेल का बल्ला मौजूदा सीजन की शुरुआत में थोड़ा शांत रहा। कोलकाता नाइटराइडर्स के विरुद्ध 10 अप्रैल को खेले पहले मैच में गेल महज 2 ही रन बना सके थे।
इसके बाद माल्या ने गेल को पास बुलाकर अच्छे से समझाया। माल्या ने गेल से कहा कि उन्हें ऑरेंज कैप को अपना निशाना बनाना चाहिए। बस फिर क्या था। इसके बाद से खेले लगभग हर मैच में गेल ने पचासा ठोका।
आईपीएल-5 में गेल ने अपना पहला अर्धशतक चेन्नई के विरुद्ध 12 अप्रैल को हुए मैच में लगाया। उस मैच में गेल ने 2 चौकों व 6 छक्कों की मदद से 68 रन बनाए।
अबतक खेले 12 मैचों में गेल ने 57.20 की सर्वश्रेष्ठ औसत से 572 रन बनाए हैं। अबतक खेली 11 पारियों में से गेल ने 7 में अर्धशतक लगाया है। उनका सर्वोच्च स्कोर 87 रन का रहा, जो उन्होंने किंग्स इलेवन पंजाब के विरुद्ध बनाया।
दो सीजन से सिक्सर किंग
गेल लगातार दो सत्रों से आईपीएल के सिक्सर किंग बने हुए हैं। पिछले साल उन्होंने 44 छक्के लगाए थे। इस साल वो अबतक 43 छक्के लगाकर इस मामले में नंबर 1 हैं।
गेल ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए 708 गेंदों में 87 छक्के लगाए हैं, यानी हर आठवीं गेंद पर एक छक्का। गेल टी-20 क्रिकेट में सर्वाधिक छक्के बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं। अबतक वो टी-20 में 265 छक्के लगा चुके हैं।





