क्लार्क के इशारे पर टीम से कटा पोंटिंग का पत्ता!
Source: Agency | Last Updated 12:11(23/02/12)
सिडनी. वनडे टीम से बाहर किए जाने से मायूस रिकी पोंटिंग ने एकदिवसीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी। जिस खिलाड़ी ने टीम को दो वर्ल्डकप जिताए थे, उसे महज पांच पारियों में असफल होने के बाद बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। पोंटिंग को इस प्रकार बाहर किए जाने के पीछे ऑस्ट्रेलियाई कप्तान माइकल क्लार्क का बड़ा हाथ रहा। इस बात को खुद क्लार्क ने स्वीकार किया है।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के नई नीति के अनुसार टीम का कप्तान चयन समिति का हिस्सा होता है। पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज गंवाने के बाद यह नियम बनाया गया था। कॉमनवेल्थ बैंक सीरीज के शेष मैचों के लिए जब टीम का चयन हुआ, तो कप्तान क्लार्क ने पोंटिंग को बाहर करने की सलाह दी।
ऑस्ट्रेलियाई अखबार न्यूज लिमिटेड के कॉलम में क्लार्क ने अपने दुख को बयां किया है। क्लार्क ने कहा, "पोंटिंग अब वनडे टीम का हिस्सा नहीं बन सकते। हम 2015 वर्ल्डकप के मद्देनजर टीम का चयन कर रहे हैं। मैं इस बात से दुखी हूं, लेकिन हमारे पास और कोई विकल्प नहीं है।"
पूर्व कप्तान के टीम से बाहर होने पर मौजूदा कप्तान इस प्रकार से दुख प्रकट करे, ऐसा दृश्य कम ही देखने को मिलता है। लेकिन क्लार्क ने ईमानदारी दिखाते हुए पोंटिंग के बाहर होने की जिम्मेदारी ली है।
क्लार्क ने कहा, "मैं 100 फीसदी चयन समिति का हिस्सा हूं। लेकिन टीम के चयन में मदद करना अब कप्तान की जिम्मेदारी हो गई है। हमने यह निर्णय एक समिति के तौर पर लिया है।"
उल्लेखनीय है कि ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका व भारत के मध्य हो रही सीबी सीरीज में पोंटिंग का प्रदर्शन लचर रहा था। पंटर ने पांच वनडे पारियों में महज 18 रन बनाए थे। इस कारण उन्हें शेष वनडे मुकाबलों के लिए घोषित टीम से बाहर कर दिया गया। इस बात से आहत पोंटिंग ने वनडे क्रिकेट को अलविदा कह दिया। अब वो सिर्फ टेस्ट मैचों में शिरकते करेंगे।