आईपीएल LIVE : डेक्कन चार्जर्स ने चुनी पहले बल्लेबाजी

हैदराबाद.आईपीएल-5 के 55वें मुकाबले में डेविड वार्नर के तूफानी शतक के दम पर दिल्ली डेयरडेविल्स ने डेक्कन चार्जर्स को 9 विकेट से हराया। इस जीत के साथ ही दिल्ली अंकतालिका में फिर से शीर्ष पर आ गई है। दिल्ली ने प्लेऑफ दौर के लिए क्वालिफाई कर लिया है।
चार्जर्स द्वारा दिए 188 रन के लक्ष्य को दिल्ली ने महज 1 विकेट गंवाकर 16.4 ओवरों में ही हासिल कर लिया। वार्नर 109 और नमन ओझा 64 रन बनाकर नाबाद रहे।
दिल्ली को एकमात्र झटका शिखर धवन ने दिया। धवन ने कप्तान सहवाग को 4 रन के निजी योग पर आउट किया।
इससे पहले डेक्कन चार्जर्स ने दिल्ली के सामने 188 रन का लक्ष्य रखा। चार्जर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट गंवाकर 187 रन बनाए। कैमरन व्हाइट ने 65 रन और धवन ने 84 रन का योगदान किया।
शिखर धवन की तूफानी पारी
सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए धुआंधार अर्धशतक लगाया। धवन 84 रन बनाकर रन आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 9 चौके और 5 छक्के लगाए।
मॉर्केल और आरोन ने दिए लगातार झटके
अच्छी शुरुआत के बाद डेक्कन चार्जर्स की पारी एकाएक लड़खड़ा गई। दिल्ली को पहली सफलता मॉर्ने मॉर्केल ने दिलाई। मॉर्केल ने रेयान हैरिस को 19 रन के निजी योग पर आउट किया। इसके अगले ओवर में वरुण आरोन ने कप्तान कुमार संगकारा को नदीम के हाथों लपकवाकर आउट किया। संगकारा कुल 4 रन बना सके।
टॉस - डेक्कन चार्जर्स ने पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया।








