IPL अपना-अपना! कंगारू के छूटे पसीने, तो कीवी को भाया ताज
Dainikbhaskar.com | May 04, 2012, 17:33PM IST

ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज माइकल हसी वेस्ट इंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज खत्म कर आईपीएल में हिस्सा लेने भारत आ चुके हैं। चेन्नई सुपरकिंग्स के अहम बल्लेबाज हसी को भारतीय परिस्थितियों में खुद को ढालने में परेशानी हो रही है। सबसे अधिक उन्हें परेशान कर रही है यहां की गर्मी।
हसी मौजूदा सीजन के अपने पहले मुकाबले में महज 18 रन बनाकर रन आउट हो गए। हसी ने भारत की गर्मी में खेलने को एक बड़ी चुनौती करार दिया।
वहीं दूसरी ओर दिल्ली डेयरडेविल्स में खेल रहे विदेशी खिलाड़ियों ने मैदान पर पसीना बहाने के बाद दुनियाभर में प्यार के प्रतीक के नाम से मशहूर ताज महल की सैर की।
दक्षिण अफ्रीका के मॉर्ने मॉर्केल और वान डेर मेरवे, श्रीलंका के महेला जयवर्धने और न्यूजीलैंड के रॉस टेलर गुरुवार को आगरा की सैर पर गए।
दिल्ली डेयरडेविल्स टीम ने अपने स्टार क्रिकेटरों के लिए खास बस का इंतजाम किया था। टेलर ने अपनी इस यात्रा की कुछ खास तस्वीरें ट्विटर पर पोस्ट की हैं। टेलर ने ट्विटर पर लिखा, ताज महल एक शानदार इमारत है। मुझे आगरा शहर आकर बहुत अच्छा लगा।





