धोनी के लिए 'विलेन' बन गया उनका ही एक खिलाड़ी
Dainikbhaskar.com | May 28, 2012, 12:42PM IST

मनविंदर बिसला की बेहतरीन 89 रन की पारी ने कोलकाता नाइटराइडर्स को पहला आईपीएल खिताब जिताया। बिसला ने 48 गेंदों का सामना करते हुए 8 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 89 रन बनाए। इसी पारी के दम पर कोलकाता ने चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में 191 रन के विशाल स्कोर को दो गेंदें शेष रहते हासिल कर लिया।
चेन्नई के स्टार स्पिनर आर अश्विन ने बिसला को सस्ते में आउट करने की सेटिंग छठे ओवर में कर दी थी। लेकिन ऑस्ट्रेलिया के बेन हिल्फेनहास की एक गलती ने पूरा खेल बिगाड़ दिया। हुआ कुछ यूं कि छठे ओवर की पांचवी गेंद पर बिसला ने शॉर्ट फाइन लेग की ओर एक हवाई शॉट खेला। गेंद सीधे लेग साइड बाउंड्री पर फील्डिंग कर रहे हिल्फेनहास की ओर चली गई। लेकिन हिल्फी इसे लपकने में नाकाम रहे। गेंद उनकी उंगलियों से फिसलकर निकल गई।
उस समय बिसला ने महज 38 रन बनाए थे। यदि हिल्फेनहास ने उस कैच को लपक लिया होता, तो कप्तान धोनी आईपीएल खिताब की हैट्रिक लगाने में सफल हो जाते।
हिल्फेनहास अकसर अपनी गेंदबाजी से चेन्नई टीम के लिए विनर साबित हुए हैं। लेकिन इस बार उनकी फील्डिंग के दौरान की एक गलती ने चेन्नई से खिताब छीन लिया।





