नई दिल्ली. आईसीसी वनडे रैंकिंग में दूसरे स्थान के लिए भारत, दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका में रोचक मुकाबला है। पहले स्थान पर ऑस्ट्रेलिया मजबूती के साथ डटा हुआ है। आईसीसी वनडे चैंपियनशिप की कट ऑफ तारीख एक अप्रैल को समाप्त होगी। इस दिन जो टीम दूसरे स्थान पर होगी, उसे 75 हजार डॉलर की इनामी राशि मिलेगी। शीर्ष टीम को 175 हजार डॉलर मिलेंगे।
भारत को श्रीलंका से त्रिकोणीय सीरीज में हार का खमियाजा ताजा रैंकिंग में एक अंक गंवाकर चुकाना पड़ा है। हालांकि वह दूसरे स्थान पर बरकरार है। उसके दक्षिण अफ्रीका के बराबर 116 अंक हैं। दक्षिण अफ्रीका दशमलव की गणना में पीछे है। श्रीलंका (113) दो अंक के फायदे के साथ चौथे स्थान पर है। पहले स्थान पर काबिज ऑस्ट्रेलिया के 129 अंक हैं। पाकिस्तान के खिलाफ क्लीन स्वीप करने वाला इंग्लैंड (111) पांचवें स्थान पर है।
द. अफ्रीका टी-20 में नंबर दो : दक्षिण अफ्रीका आईसीसी टी-20 रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। उसे न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज 2-1 से जीतने का फायदा हुआ है। उसके अब 119 अंक हैं। इंग्लैंड (130) पहले और श्रीलंका (117) तीसरे स्थान पर हैं। न्यूजीलैंड (114) चौथे, ऑस्ट्रेलिया (110) पांचवें, भारत (108) छठे और पाकिस्तान (106) सातवें स्थान पर हैं। वेस्टइंडीज (89) आठवें, अफगानिस्तान (75) नौवें और जिम्बाब्वे (51) 10वें स्थान पर है।
वनडे की शीर्ष 10 टीमें
टीम अंक
ऑस्ट्रेलिया 129
भारत 116
दक्षिण अफ्रीका 116
श्रीलंका 113
इंग्लैंड 111
पाकिस्तान 104
न्यूजीलैंड 88
वेस्टइंडीज 79
बांग्लादेश 62
जिम्बाब्वे 46